आजकल सर्दी का प्रकोप जारी है और सुबह शाम घना कोहरा छा रहा है। इस कोहरे के चलते जरुरी कामो के चलते घरो से निकलने वाले लोग रोज ही दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे है। कोहरे के कारण विपरीत दिशा से आ रहे वाहनों व अवरोधों को न देख पाने के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं के समाचार रोज ही मीडिया माध्यमों की सुर्खिया बने रहते है।
आज रविवार की सुबह लगभग 6 बजे ऐसी ही एक सड़क दुर्घटना नहटौर - धामपुर मार्ग पर ग्राम कश्मीरी के पास हुई। इस दुर्घटना में घने कोहरे के कारण कई वाहन आपस में टकरा गए। दुर्घटना में कार सवार 1 महिला सहित 3 लोग घायल हुए है। घायलों में बिजनौर क्षेत्र के ग्राम खुर्रमपुर खड़क निवासी महेंद्र पाल सिंह पुत्र किशन आयु 56 वर्ष, बलवन्ती पत्नी महेंद्र पाल सिंह आयु 52 वर्ष, रोहित पुत्र महेंद्र पाल सिंह आयु 35 वर्ष घायल हो गए। सभी घायलों को मौके से पहुँची एम्बुलेंस के माध्यम से सीएचसी नहटौर पहुँचाया गया।
प्रभारी चिकित्साधिकारी सीएचसी नहटौर डा0 गुरचरण सिंह ने बताया कि घायलो को प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल बिजनौर रेफर कर दिया गया है।