नहटौर - नगरपालिका की बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से पारित हुए विभिन्न प्रस्ताव , नामित सभासदो ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए किया हंगामा
आज शुक्रवार को आयोजित की गयी नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक में विभिन्न प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया। नगरपालिका चेयरपर्सन फिरोजा खातून की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नगर के वार्डो के सभासद व नामित सभासद भी मौजूद रहे। बैठक का संचालन अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार ने किया। बैठक के दौरान नामित सभासदो ने नगर पालिका में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए हंगामा भी किया।
आज शुक्रवार को नगर पालिका परिषद नहटौर की बोर्ड बैठक पालिका के सभागार में सुबह 10 बजे आयोजित की गयी। इस दौरान नगर के विभिन्न वार्डो के सभासद उपस्थित रहे। बैठक में एजेंडे में शामिल नगरपालिका क्षेत्र में हो रहे निर्माणकार्यो की नक्शा स्वीकृति सा सम्बंधित नियमावली पर विचार विमर्श किया गया एवं सर्व सम्मति से इस प्रस्ताव को पारित कर दिया गया। इसके साथ ही राज्य वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि द्वारा निर्माण कार्य की योजना तैयार करने, टाउन वेंडिंग कमेटी द्वारा प्रस्तावित कार्यो की संस्तुति व नगर क्षेत्र से आवारा कुत्तो को पकड़ने पर विचार कर प्रस्ताव रखे गए। इन सभी प्रस्तावो को सर्व सम्मत्ति से पारित कर दिया गया। इसके अतिरिक्त सर्दी के मौसम में सार्वजानिक स्थानों पर अलाव जलाये जाने व कंबल वितरण के प्रस्ताव पर भी विचार विमर्श कर पारित किया गया।
दूसरी ओर सभा के दौरान नामित सभासद सिद्धांत जैन व अरविन्द जोशी ने नगर पालिका में भ्रष्टाचार व्याप्त होने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। भ्रष्टाचार का आरोप लगा रहे सभासदो का कहना था कि नगर पालिका के द्वारा कराये जा रहे विभिन्न विकास कार्यो में व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार हो रहा है तथा न ही गुणवत्ता परक निर्माण कार्य हो रहे है और न ही नगर क्षेत्र में सुविधाओं का विकास हो रहा है। नामित सभासदो ने अधिशासी अधिकारी से विभिन्न मामलो की जाँच कराकर उचित कार्रवाई किये जाने की मांग की। बैठक में नगर पालिका के वरिष्ठ लिपिक मसूद अहमद के अतिरिक्त वार्ड सभासद शमीम अहमद, शराफत अली, कमरुद्दीन, विशाल हाशमी, नबील अहमद, रियासत, रफीक अहमद, लइक अहमद आदि उपस्थित रहे।
अभी तक पाठक संख्या |