जिला रामपुर के स्वार में पत्नी की जिद के आगे एक पति ने अपने दिल पर पत्थर रख लिया। काफी समझाने के बाद भी पत्नी के न मानने पर उसने उसे प्रेमी के साथ जाने की रजामंदी दे दी। इसके बाद विवाहिता अपनी बच्ची को लेकर प्रेमी संग रवाना हो गई। यह मामला शहर में सुर्खियों में है।
पाठको को बताना उचित होगा कि स्वार के एक मौहल्ला निवासी एक युवक की शादी लगभग तीन वर्ष पूर्व मुरादाबाद निवासी एकयुवती से हुई थी। शादी के बाद विवाहिता ने एक बेटी को जन्म दिया था। दो सप्ताह पूर्व विवाहिता घर से बिना बताए बच्ची को साथ लेकर गायब हो गई थी। कई दिन बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं आई। तब पति ने ससुराल पक्ष को जानकारी दी और कोतवाली में पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई। महिला के परिजन युवती की बरामदगी के लिए लगातार गुहार लगा रहे थे। दो सप्ताह पूर्व पुलिस ने विवाहिता को प्रेमी के साथ बरामद कर परिजनों को सौंप दिया था।
परिजनों ने युवती को काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन वह प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी रही। इसके बाद पति ने भी समझदारी दिखाते हुए उसे प्रेमी के साथ रहने की मंजूरी दे दी। इसके बाद परिवार के लोग भी मान गए। प्रेमी जोड़ा खुशी-खुशी रवाना हो गया।
अभी तक पाठक संख्या |