गजरौला - 5 माह की गर्भवती की मौत पर परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए किया हंगामा - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, मार्च 15, 2022

गजरौला - 5 माह की गर्भवती की मौत पर परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए किया हंगामा

newsindia17

जिला अमरोहा के गजरौला कोतवाली क्षेत्र के भानपुर रेलवे फाटक मार्ग पर स्थित एक निजी नर्सिंग होम में जाँच कराने आयी गर्भवती महिला की मौत हो गयी। गर्भवती की मौत पर आक्रोशित परिजनों ने चिकित्सको पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुँच गयी। समाचार भेजे जाने तक परिजनों द्वारा कोई तहरीर नहीं दी गयी थी। 


प्राप्त जानकारी के अनुसार गजरौला कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अलीपुर निवासी सुरेंद्र की पत्नी अनीता 5 माह की गर्भवती थी। अनीता जाँच कराने हेतु भानपुर रेलवे फाटक मार्ग स्थित एक निजी चिकित्सक के यहाँ पहुँची थी। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सक ने अनीता की हालत खराब होने का हवाला देकर उपचार शुरू कर दिया। उपचार के दौरान ही अनीता की हालत बिगड़ती गयी। हालत और अधिक बिगड़ने पर चिकित्सक ने अनीता को मेरठ रेफर कर दिया। परिजन अनीता को लेकर मेरठ रवाना हो गए मगर रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी। 


गर्भवती की मौत के बाद परिजन शव लेकर वापस निजी अस्पताल पहुँचे और चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों द्वारा हंगामा किये जाने पर अस्पताल में हड़कंप मच गया। हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुँच गयी। घटना के सम्बन्ध में प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार का कहना है कि जानकारी मिलने पर पुलिस टीम मौके पर गयी थी। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।   

web counter
अभी तक पाठक संख्या