चंदौसी - व्यापारियों ने मनाया प्रेरणा दिवस, व्यापारी हित में संघर्ष करने व उत्पीड़न के खिलाफ एकजुट हो आवाज बुलंद करने की ली शपथ
आज गुरुवार को अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय आह्वान पर चंदौसी के व्यापारियों ने व्यापारी नेता हरीश चंद्र अग्रवाल की शहादत व पूर्व जिलाध्यक्ष आशुतोष मिश्रा की पुण्यतिथि को प्रेरणा दिवस के रूप में मनाया। कार्यक्रम में उपस्थित रहे व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने हरीश चंद्र अग्रवाल व पूर्व जिलाध्यक्ष आशुतोष मिश्रा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित रहे भारतीय युवा उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष प्रेम ग्रोवर ने कहा कि 26 मई 1979 को बिक्री कर के छापे के दौरान पुलिस की गोली लगने से व्यापारी नेता हरीश चंद्र अग्रवाल शहीद हो गए थे। आज का ये दिन हमे उनकी शहादत की याद दिलाता है तथा व्यापारी हित में संघर्ष करने की प्रेरणा देता है। प्रदेश मंत्री शाह आलम मंसूरी ने कहा कि मशहूर उद्योगपति व संगठन के जिलाध्यक्ष आशुतोष मिश्रा ने 18 वर्षो तक निरंतर पद पर रहकर व्यापारी हित में काम किया और आज भी युवा व्यापारियों के लिए प्रेरणाश्रोत है। उन्होंने कहा कि आशुतोष मिश्रा ने हमेशा व्यापारी वर्ग के हित के लिए संघर्ष किया।
कार्यक्रम के अंत में जिलाध्यक्ष प्रेम ग्रोवर ने उपस्थित सभी व्यापारियों को व्यापारी हित में संघर्ष करने व उत्पीड़न के खिलाफ आवाज बुलंद करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रभात कृष्णा, संगीता भार्गव, डॉक्टर परितोष मिश्रा, सुशील छोटू, अनुज वार्ष्णेय (अन्नू), विकास मिश्रा, रूपाली अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, मोहित गर्ग, नीलम, डॉक्टर सतीश निगम, उमेश वार्ष्णेय, मोहम्मद राशिद अंसारी, वसीम अख्तर आदि मौजूद रहे।
अभी तक पाठक संख्या |