जिला रामपुर के बिलासपुरथाना क्षेत्र के एक गांव में करंट की चपेट में आकर एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचने पर चिकित्सको ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिलासपुरथाना क्षेत्र के गाँव कंचनाल का निवासी मोहम्मद यासीन आयु 18 वर्ष पुत्र मुख्तियार मेहनत मजदूरी करता था। आज शनिवार को वह खौदलपुर गांव के रहने वाले अपने एक रिश्तेदार के यहां मजदूरी करने गया था। बताया जाता है कि वह निर्माणाधीन मकान में पानी की व्यवस्था करने हेतु मोटर का तार लगा रहा था। इसी बीच वह करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। सूचना पर पहुँचे परिजन आनन फानन में उसे उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहाँ चिकित्सको ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के रिश्तेदार बब्बू ने बताया कि सवेरे वह निर्माणाधीन मकान में पानी की व्यवस्था के लिए मोटर का तार लगा रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए उसके शव को अपने साथ गांव ले गए। इसके बाद सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। कोतवाल सतेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। तहरीर प्राप्त होने पर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अभी तक पाठक संख्या |