आज शुक्रवार की सुबह रामपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक बिजली मिस्त्री का शव पड़ा मिलने पर हड़कंप मच गया। बिजली मिस्त्री की गले पर चाकू से वार कर उसकी निर्मम हत्या की गयी थी। सूचना पर मौके पर पहुँचे एसपी ने जल्द ही घटना के खुलासे के निर्देश दिए है। पुलिस ने मृतक की पत्नी द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव वजीरनगर का निवासी लाखन आयु 25 वर्ष घरो में बिजली फिटिंग व मरम्मत का काम करता था। कल गुरुवार की शाम वह अपनी पत्नी कुसुम से किसी के घर बिजली ठीक करने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह देर रात तक वापस घर नहीं आया। कुसुम द्वारा रात 10 बजे फोन करने पर उसने बताया कि अभी कुछ समय और लगेगा। इसके बाद वह घर वापस नहीं आया और इसका फोन भी स्विच ऑफ हो गया। लाखन के वापस न आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, मगर कोई सुराग नहीं मिल सका।
आज शुक्रवार की सुबह लाखन का शव रायपुर गाँव में सड़क किनारे पड़ा मिला। लाखन के गले पर चाकूओं से वार कर उसकी हत्या की गयी थी। मृतक के भाई जबर सिंह के अनुसार लाखन की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। मृतक का मोबाइल मौके से नहीं मिला है। एसपी अशोक कुमार शुक्ला ने बताया कि मृतक की पत्नी द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जायेगा।
अभी तक पाठक संख्या |