अमरोहा - विदेशी व्यक्ति से सोशल मीडिया पर हुई पहचान महिला कांस्टेबल के लिए बनी आफत, झांसा देकर ठगे 9.35 लाख, मुकदमा दर्ज
साइबर ठग अब आम लोगो के साथ ही साथ पुलिसकर्मियों को भी अपना शिकार बना रहे है। ऐसा ही एक मामला अमरोहा से सामने आया है जहाँ यूनाइटेड किंगडम निवासी एक व्यक्ति में पाउंड बदलवाने का झांसा देकर महिला कांस्टेबल से लाखो रूपये ठग लिए। पीड़िता द्वारा इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जाँच में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मूल रूप से जनपद रामपुर के केमरी थाना क्षेत्र के गाँव मालनखेड़ा की निवासी मंजू रानी उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल है। वर्तमान में मंजू रानी की तैनाती अमरोहा नगर कोतवाली में है। आरोप है कि गत 2 जुलाई को उसकी बात इंस्टाग्राम के माध्यम से यूके निवासी एलेक्स कार्लोस नामक एक व्यक्ति से हुई थी। कार्लोस ने उसे बताया कि उसके 65000 पाउंड मुंबई एयरपोर्ट पर है। इन पाउंड को भारतीय रुपए में बदलना है तथा मुंबई में एक मकान खरीदना है। मंजू रानी उसकी मंशा की नहीं भांप सकी और मुंबई के दो अलग अलग खातों में 9.35 लाख रूपये ट्रांसफर कर दिए। अब आरोपी मंजू से 11 लाख 35 हजार की माँग और कर रहा है। अब धोखाधड़ी की आशंका होने पर मंजू रानी ने पैसे देने से इंकार कर दिया। इसके बाद आरोपी अलग अलग नंबरो से कॉल और व्हाट्सप्प सन्देश भेज रहा है।
पीड़िता कांस्टेबल ने इस मामले की जानकारी उच्च अधिकारियो को दी है। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि कांस्टेबल द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर यूनाइटेड किंगडम निवासी एलेक्स कार्लोस के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जाँच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
अभी तक पाठक संख्या |