रामपुर - दहेज़ में 5 लाख व कार न मिलने पर विवाहिता को घर से निकाला, पति ने दिया तीन तलाक, 5 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
दहेज़ की मांग पूरी न होने पर पति ने विवाहिता को घर से निकाल दिया और तीन तलाक दे दिया। इस मामले में पीड़िता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति समेत 5 लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। विवाहिता द्वारा दी गयी तहरीर में देवर पर भी छेड़खानी का आरोप लगाया गया है।
रामपुर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवती का निकाह जनपद मुरादाबाद के कुंदरकी थाना क्षेत्र निवासी नदीम के साथ हुआ था। विवाहिता द्वारा थाना सिविल लाइन में दी गयी तहरीर में बताया गया है कि शादी के कुछ समय बाद ससुराल वालो ने दहेज़ में 5 लाख रूपये नकद व कार की माँग करते हुए उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। इस सबके बाद भी वह सब कुछ चुपचाप सहती रही। इस दौरान उसने एक बच्चे को भी जन्म दिया लेकिन ससुराल वालो के व्यवहार में कोई अंतर नहीं आया। आरोप है कि ससुराल वालो ने कई बार मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। अब दहेज की मांग पूरी न होने पर हो रही प्रताड़ना असहनीय होने पर विवाहिता अपने मायके आ गयी थी। आरोप है कि यहाँ पहुंचे उसके पति ने देवर के कहने पर उसे तीन तलाक दे दिया।
इस मामले में पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना सिविल लाइन में पति नदीम, फरजाना, अजीम, अफसाना व फरहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जाँच में जुटी है।
अभी तक पाठक संख्या |