आज बुधवार की सुबह मुरादाबाद में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज रफ़्तार कार ने बाइक सवारों को रौंद दिया। इस हादसे में दंपत्ति गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि उनके पोते की मौत हो गयी। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद सम्भल के कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के ज्वालापुरी निवासी किसान सुरेश पाल अपनी पत्नी माया देवी और पोते शुभम आयु 16 वर्ष के साथ काशीपुर एक रिश्तेदारी में गए थे। आज सुबह तीनो बाइक द्वारा वापस आ रहे थे। सुबह लगभग साढ़े 8 बजे इनकी बाइक को मूंढापांडे थाना क्षेत्र में स्थित पराग फैक्टरी के सामने एक तेज रफ़्तार कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में सुरेशपाल उनकी पत्नी माया देवी व पोता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक कार सहित मौके से फरार हो गया।
सूचना पर पहुँची पुलिस ने आनन फानन में तीनो को उपचार हेतु जिला अस्पताल भिजवाया। यहाँ शुभम की हालत गंभीर देखते हुए उसे विवेकानंद अस्पताल भेजा गया। जहाँ उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस कार की तलाश में जुटी है।
अभी तक पाठक संख्या |