गत दिनों सर्राफा कारीगर से हुई सोने की चोरी के मामले का आज मंगलवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में दुकान मालिक व उसके एक साथी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किये गए अभियुक्तों के पास से चोरी किया गया सोना बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश करने के उपरांत जेल भेज दिया है।
पाठको को बताना उचित होगा कि कोतवाली क्षेत्र के मछली बाजार निवासी बाबुल मलिक सोने का कारीगर है। मछली बाजार के सर्राफा बाजार में उसकी दुकान है। गत शुक्रवार की रात भी वह प्रतिदिन की भाँति दुकान बंद कर घर चला गया था। रात को किसी समय अज्ञात चोरो ने उसकी दुकान का ताला तोड़कर सोना चोरी कर लिया था। शनिवार की सुबह आने पर उसे दुकान के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखने पर पता लगा कि वहाँ रखा कुछ सोना भी गायब है। कारीगर द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोगो की भीड़ मौके पर जुट गयी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने भी जांच पड़ताल की। कारीगर द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर पुलिस अज्ञात चोरो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुटी थी।
आज मंगलवार को सीओ सिटी जितेंद्र कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जांच में जुटी पुलिस को मौके पर लगे सीसीटीवी में दो युवक नजर आये। युवको की पहचान दुकान मालिक यासीन मलिक और फैज के रूप में हुई। इन दोनों पर शक होने पर पुलिस ने इन्हे हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से की गयी पूछताछ में यासीन मलिक ने बताया कि वह लोगो का कर्जदार हो चुका था। इसी के चलते उसने चोरी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस को गिरफ्तार किये गए अभियुक्तों के पास से लगभग 140 ग्राम सोना बरामद हुआ है। इस सोने की कीमत लगभग 7 लाख रूपये बताई गयी है। पुलिस ने एक स्कूटी भी बरामद की है। दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
अभी तक पाठक संख्या |