बरेली - तीन तलाक और हलाला के बाद निकाह कर ससुराल पहुंची किशोरी के साथ देवर ने दुष्कर्म कर घर से निकाला, आईजी के आदेश पर मुकदमा दर्ज
उत्तर प्रदेश के बरेली से निकाह के बाद तीन तलाक, हलाला और फिर निकाह के बाद देवर द्वारा दुष्कर्म कर किशोरी को घर से निकाले जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता ने अपने साथ हुए दुराचार की आईजी से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई किये जाने की मांग की है। इस मामले में आईजी के आदेश पर 4 नामजद व कुछ अज्ञात लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ माह पूर्व बरेली के शाही थाना क्षेत्र निवासी एक किशोरी को फरहान व इरम नामक युवक बहला फुसलाकर भगा ले गए थे। इस मामले में किशोरी की माँ द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर शाही थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। किशोरी के बरामद होने पर दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था तथा पंचायत ने किशोरी का निकाह फरहान के साथ करा दिया था। निकाह के कुछ दिनों बाद फरहान ने किशोरी को तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। पीड़िता की शिकायत पर बैठी पंचायत के आदेश पर किशोरी का फरहान के बहनोई निजाकत, निवासी सीबीगंज से हलाला कराया गया और फिर से फरहान के साथ निकाह करा दिया गया। पंचायत के फैसले में किशोरी को कुछ पैसा देने को भी कहा गया था।
तीन तलाक व हलाला का दंश झेल चुकी किशोरी के ससुराल पहुँचने पर उसके देवर ने उसके साथ दुष्कर्म किया तथा शिकायत करने पर पति फरहान व अन्य परिजनों ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता द्वारा इस मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से की गयी मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़िता ने अपनी माँ के साथ आईजी कार्यालय पहुँचकर मामले की जानकारी देते हुए आरोपियो के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आईजी के आदेश पर पुलिस ने फरहान, इरम, पप्पू उर्फ़ साजिद निवासी चकदाह, निजाकत निवासी सीबीगंज व पंचायत करने वाले कुछ अज्ञात लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
अभी तक पाठक संख्या |