चंदौसी - श्मशान घाट परिसर में स्थित मंदिरो के ताले तोड़कर चोरो ने लाखो की नकदी, घंटे व जेवर किये चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर लगा सवालिया निशान
जिला संभल के चंदौसी क्षेत्र में घटित हो रही आपराधिक घटनाओ पर रोक लगाने हेतु पुलिस प्रशासन द्वारा की जा रही कार्रवाई नाकाफी साबित होती नजर आ रही है। अभी 5 दिन पूर्व अज्ञात चोरो ने पावर हाउस के शिव मंदिर के ताले तोड़कर वहां से घंटे व ताम्बे के नाग आदि चोरी कर लिए थे। स्थानीय पुलिस अभी इस घटना का खुलासा भी नहीं कर सकी थी कि गत रात्रि एक बार फिर अज्ञात चोरो ने सीता रोड पुलिस चौकी के पास स्थित श्मशान घाट के मंदिरो से लाखो चोरी कर क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक जांच पड़ताल कर अज्ञात चोरो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पाठको को बताना उचित होगा कि चंदौसी नगर के सीता रोड स्थित श्मशान घाट परिसर में शनि देव, महाकाली व भैरो बाबा सहित कई मंदिर बने हुए है। इन मंदिरो में प्रतिदिन ही बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी दर्शन व पूजा अर्चना के लिए आते है। ये मंदिर क्षेत्रवासियो के लिया आस्था का केंद्र है। गत रात्रि अज्ञात चोरो ने पुलिस चौकी से लगभग 300 मीटर दूर स्थित इन मंदिरो के दान पात्रो के ताले तोड़कर लाखो की नकदी के साथ ही घंटे, मूर्तियों के छत्र व आभूषण आदि चोरी कर लिए। मंदिर में पुजारी रामावतार उपाध्याय ने बताया कि आज रविवार की सुबह मंदिर पहुंचने पर उन्हें घटना के बारे में पता लगा। उन्होंने बताया कि मंदिर पहुंचने पर उन्हें सभी दान पात्र टूटे हुए, बिजली का कनेक्शन कटा हुआ और घंटे गायब मिले। इसके साथ ही महाकाली का छत्र व अन्य मूर्तियों के मुकुट व आभूषण भी चोरी कर लिए गए है। उन्होंने लगभग 5 लाख की चोरी होने का अनुमान व्यक्त किया है।
सूचना पर मौके पर पहुंची प्रभारी निरीक्षक रेनू सिंह ने घटना के बारे में जानकारी की तथा मंदिर के आसपास स्थित दुकानों के सीसीटीवी फुटेज भी देखे। इस मामले में पुलिस को दी गयी तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गयी है।
अभी तक पाठक संख्या |