रजबपुर/जिला अमरोहा - माँ को उपचार हेतु ले जाने के दौरान हुए सड़क हादसे में 3 की दर्दनाक मौत, मुकदमा दर्ज
![]() |
मृतको की फाइल फोटो |
कल गुरुवार की देर रात जिला अमरोहा के रजबपुर थाना क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में एक महिला समेत बाइक सवार 3 लोगो की मौत हो गयी। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवो को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम को भेज दिया। आज शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शवो को परिजनों को सौंप दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के गाँव कल्याणपुरा ने वेद प्रकाश व उदल सिंह के परिवार रहते है। दोनों ही परिवारों के लोग इस समय तिगरी में लगे ऐतिहासिक मेले में गए हुए थे। यहाँ कल देर रात अचानक ही वेद प्रकाश की पत्नी महेन्द्री आयु 46 वर्ष की तबियत ख़राब होने पर उनका बेटा रोहित अपने दोस्त राजीव पुत्र उदल सिंह के साथ बाइक पर बैठाकर दवाई दिलाने अमरोहा आ रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक थाना क्षेत्र में स्थित नॉर्दन पब्लिक स्कूल के पास पहुँचने पर अचानक ही आगे तेज रफ्तार से चल रही पिकअप के चालक ने अचानक ही ब्रेक लगा दिए। बाइक चला रहा राजीव कुछ समझ पाता इससे पूर्व ही बाइक पीछे से पिकअप से जा टकराई। इस भीषण दुर्घटना में तीनो बाइक सवार नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में राजीव आयु 25 वर्ष व रोहित आयु 26 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि महेन्द्री गंभीर रूप से घायल हो गयी। हादसे के बाद मौके पर लोगो की भीड़ जुट गयी। इसी बीच आरोपी चालक पिकअप छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल महेन्द्री को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया। जहाँ चिकित्सको ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
एक ही गाँव के तीन लोगो की मौत की सूचना मिलने पर ग्रामीणों व परिजनों में चीख पुकार मच गयी। सूचना मिलने पर तिगरी मेले में गए परिजन भी वापस आ गए। आज शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद तीनो शव परिजनों को सौंप दिए गए। परिजनों ने शवों का अंतिम संस्कार कर दिया है। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि उक्त मामले में उत्तराखंड पंजीकरण संख्या वाली वाली पिकअप के अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही चालक को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।