मुरादाबाद - कबूतर को लेकर हुए विवाद मे दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग मे 01 युवती समेत 8 घायल, मुकदमा दर्ज
मुरादाबाद के मुगलपुरा थाना क्षेत्र मे एक कबूतर को लेकर हुए विवाद के दौरान हुई गोलीबारी मे एक युवती समेत 8 लोग घायल हो गए। इन घायलों मे एक राहगीर भी शामिल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से 7 लोगो को हिरासत मे लिया है। सभी घायलों को उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना क्षेत्र के मुफ़्ती टोला के पास कूड़ाघर के पास का निवासी रईस कबूतर उड़ा रहा था। इस दौरान उसका एक कबूतर पड़ोसी मकबूल की छत पर जाकर बैठ गया। इस कबूतर को मकबूल ने पकड़ लिया। रईस के अनुसार कबूतर वापस मांगने पर मकबूल ने इंकार कर दिया। इसी को लेकर दोनों के बीच गाली गलौज शुरू हो गयी। कबूतर को लेकर हुआ ये विवाद धीरे धीरे आपसी संघर्ष मे बदल गया और छतो से देसी तमंचों से फायरिंग शुरू हो गयी। दोपहर एक बजे हुई फायरिंग की इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इस फायरिंग में गोली लगने पर एक पक्ष से रईस आयु 27 वर्ष पुत्र खैराती, अकरम आयु 45 वर्ष पुत्र गुड्डू, गुलजार आयु 25 वर्ष, सरदार आयु 45 वर्ष पुत्र गुल्लू, तरन्नुम आयु 24 वर्ष पुत्री गुल्लू तथा दुसरे पक्ष से असलम अली उर्फ़ चाँद मिया आयु 45 वर्ष पुत्र महबूब अली, मक़बूली उर्फ़ फूल मियां आयु 40 वर्ष पुत्र महबूब अली घायल हो गए। दोनों पक्षो की ओर से की गयी इस फायरिंग में एक राहगीर वसीम आयु 23 वर्ष पुत्र नन्हे भी गोली लगने पर घायल हुआ है।
उक्त घटना मे घायल हुए सभी लोगो को उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी कुलदीप तोमर ने बताया कि कबूतरों को लेकर दो पक्षों में गाली-गलौज के बीच मारपीट और गोली चलने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंचकर मामले को शांत करवाकर सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है। घटना के सम्बन्ध में प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच कर जल्द ही आरोपियो की गिरफ्तारी की जाएगी।
![]() |
अभी तक पाठक संख्या |