पुलिस अधीक्षक बिजनौर के निर्देशन मे अपराध की रोकथाम व वाँछितो की गिरफ्तारी हेतु चलाये जा रहे सघन अभियान के तहत प्रतिदिन ही गिरफ्तारियों का क्रम जारी है। इसी क्रम मे जनपद की हल्दौर पुलिस ने दहेज हत्या के मामले मे वाँछित दंपत्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किये गए दंपत्ति का सुसंगत धाराओ मे चालान कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट मे बताया गया कि गत 25 फरवरी को सचिन पुत्र ताराचंद निवासी ग्राम तिसोतरा, थाना क्षेत्र नांगल द्वारा उक्त मामले मे एक तहरीर थाने पर दी गयी थी। इस तहरीर में बताया गया था कि उसकी बहन नूतन का विवाह अरुण पुत्र ऋषिपाल निवासी ग्राम रूकनपुर, थाना क्षेत्र हल्दौर के साथ हुआ था। आरोप था कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति अरुण के साथ ही ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों ने दहेज की मांग करते हुए नूतन को प्रताड़ित करना शुरु कर दिया था। तहरीर मे बताया गया था कि इसी के चलते ससुराल पक्ष के सदस्यो द्वारा उसकी बहन नूतन की हत्या कर दी गयी है। पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर पति अरुण, ससुर ऋषिपाल पुत्र होरी सिंह, सास ओमवती पत्नी ऋषिपाल, सोमवीर व राहुल पुत्रगण ऋषिपाल के साथ ही ज्योति पत्नी सोमवीर निवासी ग्राम रूकनपुर के खिलाफ सुसंगत धाराओ मे मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।
हल्दौर पुलिस ने उक्त मामले मे कार्रवाई करते हुए आज बुधवार को ऋषिपाल पुत्र होरी सिंह व उसकी पत्नी ओमवती को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किये गए अभियुक्तो का सुसंगत धाराओ मे चालान कर जेल भेज दिया गया है। अभियुक्तो को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम मे उप निरीक्षक राजपाल सिंह, महिला उप निरीक्षक सपना, कांस्टेबल अंकुर व महिला कांस्टेबल अंजलि शामिल रहे।
![]() |
अभी तक पाठक संख्या |