जिला मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला प्रकाश मे आया है। यहाँ आन की खातिर एक 17 वर्षीय किशोरी की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी गयी। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मात्र 6 घंटे में इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी मामा को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले के दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
आज शनिवार की सुबह थाना क्षेत्र के गाँव नरहेड़ा के जंगल मे डा0 राकेश शर्मा के खेत के पास एक अज्ञात किशोरी का शव पड़ा मिलने पर हड़कंप मच गया। ग्रामीणो द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुँच गयी। मौके पर पहुँची फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किये। करीब 1 घंटे तक की गयी कड़ी मशक्क्त के बाद शव की शिनाख्त सानिया आयु 17 वर्ष, निवासी हुमायूँ नगर के रूप मे हुई। सूचना मिलते ही रोते बिलखते परिजन भी मौके पर पहुँच गए।
पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही परिजनों से गहन पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ मे पता लगा कि सानिया के मामा को शक था कि वह मोबाइल फोन पर लड़को से बात करती है। आज शनिवार को भी सानिया किसी से फोन पर बात कर रही थी। ये देख मामा का पारा सांतवे आसमान पर पहुंच गया और आपा खो बैठा। आक्रोशित हुए मामा ने आन की खातिर सानिया की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या की इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद, आरोपी मामा ने सबूत मिटाने की साजिश रची। उसने सानिया के सौतेले भाई शोएब को अपने साथ मिलाया और दोनों ने मिलकर शव को चुपचाप जंगल के एक बाग में फेंक दिया, ताकि किसी को शक न हो और मामला दब जाए।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियो ने बताया कि मुख्य आरोपी मामा को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे गहन पूछताछ जारी है। वारदात में सहयोग करने वाले मृतका के सौतेले भाई शोएब की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं। फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों की वैज्ञानिक जांच की जा रही है। मृतका के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि मृतका सानिया के पिता जावेद ने दो शादियां की थीं। उनकी पहली पत्नी शबनम की मौत हो चुकी है, जिनसे उनके दो बच्चे सोएब और शबनूर हैं। पहली पत्नी की मौत के बाद जावेद ने शाहजहां से दूसरी शादी की, जिससे सानिया और सोनम दो बेटियां हुईं।

