संभल/उत्तर प्रदेश - गंगा एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण हादसे मे अयोध्या से लौट रहे एक ही परिवार के 6 लोग घायल, 01 की हालत गंभीर - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, मई 30, 2026

संभल/उत्तर प्रदेश - गंगा एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण हादसे मे अयोध्या से लौट रहे एक ही परिवार के 6 लोग घायल, 01 की हालत गंभीर

https://newsindia17.com/sambhal-ganga-expressway-accident-family-returning-from-ayodhya-injured/

आज शनिवार को गंगा एक्सप्रेस वे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे मे एक ही परिवार के 6 सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रही है कि हादसा कार चालक को अचानक नींद की झपकी आने के कारण हुआ। घायलों में एक की हालत बेहद नाजुक है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है। 


उक्त दर्दनाक हादसा संभल तहसील के थाना कैलादेवी और अमरोहा जनपद की हसनपुर तहसील के बॉर्डर पर स्थित गंगा एक्सप्रेस-वे पर हुआ। दिल्ली की राज विहार कॉलोनी का निवासी परिवार अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन कर लौट रहा था। वे मेरठ के रास्ते होते हुए हरिद्वार जा रहे थे, तभी अचानक एक्सप्रेस-वे पर चालक को नींद आ गई। रफ्तार तेज होने के कारण वाहन से नियंत्रण खो गया और कार सीधे डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से मलबे में तब्दील हो गया। हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान करण ठाकुर, रेखा ठाकुर, सोनू ठाकुर, अनुज ठाकुर और पांच वर्षीय मासूम राशि के रूप में हुई है। घायलों में दो बच्चे भी शामिल हैं।


दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीमें बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने स्थानीय राहगीरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सभी को तुरंत जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों की टीम ने फौरन उनका इलाज शुरू किया।


जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. एनके सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अस्पताल में दो बच्चों समेत कुल छह घायलों को लाया गया था। सभी को आपातकालीन उपचार दिया गया है। हालांकि, घायल करण ठाकुर की स्थिति चिंताजनक होने के कारण उन्हें बेहतर और उच्च स्तरीय इलाज के लिए हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया है। बाकी अन्य घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।


टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त कार बीच रास्ते में फंसने के कारण गंगा एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हाईवे से हटवाया और यातायात को दोबारा सुचारु रूप से चालू कराया। पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर वाहन चालकों से अपील की है कि लंबी दूरी के सफर में थकान होने पर गाड़ी रोककर आराम करें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।

conter12
अभी तक पाठक संख्या