कोतवाली देहात/जिला बिजनौर - निकाह के बाद सलामी की रस्म के दौरान हुई बुलेट बाइक की मांग पर आपस मे भिड़े घराती बाराती, हवालात मे कटी दूल्हे की रात - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, जून 12, 2026

कोतवाली देहात/जिला बिजनौर - निकाह के बाद सलामी की रस्म के दौरान हुई बुलेट बाइक की मांग पर आपस मे भिड़े घराती बाराती, हवालात मे कटी दूल्हे की रात

newsindia17.com/bijnor-kotwali-dehat-wedding-fight-bullet-bike-dowry-demand-groom-in-lockup
एआई जनरेटेड इमेज 

जिला बिजनौर के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र से निकाह की रस्मो के दौरान वर व वधू पक्ष के बीच जमकर मारपीट होने का एक मामला प्रकाश मे आया है। ये हंगामा दूल्हे द्वारा सलामी की रस्म के समय अचानक ही बुलेट बाइक की मांग किये जाने पर शुरू हुआ। इस दौरान दोनो पक्षो के बीच जमकर लाठी डंडे और कुर्सियां चली। इस मारपीट व हंगामे के दौरान 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद दुल्हन ने दूल्हे के साथ जाने से साफ इंकार कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस भी दूल्हे को थाने ले आयी और उसकी पूरी रात हवालात मे गुजरी।


प्राप्त जानकारी के अनुसार किरतपुर थाना क्षेत्र के गांव शाहपुरा रतन निवासी साहिल का निकाह कोतवाली देहात क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती से तय हुआ था। वधू पक्ष के यहाँ बारात के स्वागत के लिए पर्याप्त जगह न होने के कारण निकाह और अन्य रस्में गुरुवार को मोबीन के बड़े भाई शाकिर के गांव बनवारीपुर स्थित आवास पर आयोजित की जा रही थीं। सब कुछ ठीक चल रहा था और निकाह भी मुकम्मल हो चुका था। इसी दौरान विदाई से पहले 'सलामी' की रस्म शुरू होने पर दूल्हा पक्ष के लोगों ने अचानक दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर दी। लड़की पक्ष द्वारा अचानक हुई इस नाजायज मांग का विरोध किये जाने पर दोनो पक्ष आमने सामने आ गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षो में मारपीट शुरु हो गयी। इस किसी ने लोहे की कुर्सियां उठाकर फेंकी तो किसी ने लाठियों से हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में दोनों तरफ से कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोतवाली देहात ले जाया गया।


इसी दौरान किसी व्यक्ति ने इस हंगामे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस को आया देख अधिकांश बाराती मौके से निकल लिए परन्तु दूल्हा पुलिस की हत्थे चढ़ गया। पुलिस दूल्हे को पकड़कर थाने ले आयी और हवालात मे बंद कर दिया। इसके बाद दुल्हन लेने आये दूल्हे राजा को अपनी पूरी रात मच्छरो के बीच हवालात मे ही गुजारनी पड़ी।


रातभर थाने और गांव में दोनों पक्षों के बीच मान-मनौव्वल और समझौते के प्रयास चलते रहे। शुक्रवार तड़के करीब चार बजे दूल्हा पक्ष द्वारा लड़की वालों को खाने-पीने और शादी के अन्य खर्चों की पूरी रकम दिए जाने के बाद दोनों पक्षों में लिखित समझौता हुआ। इसके बाद ही पुलिस ने दूल्हे को हवालात से आजाद किया। इसके बाद बारात को दुल्हन के बिना ही बैरंग वापस लौटना पड़ा।


थानाध्यक्ष कोतवाली देहात विकास कुमार ने बताया कि हंगामे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थिति नियंत्रित की थी। आज शुक्रवार की सुबह दोनो पक्षों में खर्च की रकम वापसी के बाद आपसी समझौता हो गया है। पुलिस ने माहौल बिगाड़ने और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने के आरोप में सख्त रुख अपनाया है। इस मामले में पुलिस द्वारा वर पक्ष के 7 और वधू पक्ष के 5 लोगों समेत कुल 12 व्यक्तियों के खिलाफ शांतिभंग के तहत कानूनी कार्रवाई की गयी है।

free counter
अभी तक पाठक संख्या