मंडावली/जिला बिजनौर - पत्नी का नौकरी करना गुजरा नागवार, पति ने लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर उतारा मौत के घाट - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, जून 15, 2026

मंडावली/जिला बिजनौर - पत्नी का नौकरी करना गुजरा नागवार, पति ने लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर उतारा मौत के घाट

https://newsindia17.com/uttar-pradesh/bijnor-mandawali-husband-shot-dead-wife-with-licensed-gun-over-job-dispute/

जिला बिजनौर के मंडावली थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक पति ने घरेलू कलह और सनक के चलते अपनी दूसरी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना मे प्रयुक्त बंदूक बरामद करने के साथ ही आरोपी पति को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त घटना का मुख्य कारण महिला का आत्मनिर्भर बनना और नौकरी करने का फैसला करना था। बताया गया कि थाना क्षेत्र के गांव मुस्सेपुर निवासी पुष्पेंद्र की पहली पत्नी का करीब 21 वर्ष पूर्व निधन हो गया था। पहली पत्नी से पुष्पेंद्र के 4 बच्चे है। पहली पत्नी के निधन के बाद पुष्पेंद्र ने मीनू आयु 47 वर्ष के साथ कोर्ट मैरिज की थी। मीनू से भी उनका एक बेटा है। मीनू पिछले चार महीनों से उत्तराखंड के हरिद्वार क्षेत्र के  बहादराबाद में नौकरी कर रही थीं। पुष्पेंद्र उसके नौकरी करने के फैसले से नाराज था और नहीं चाहता था कि मीनू घर से बाहर काम करे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पिछले लंबे समय से लगातार विवाद चल रहा था। कल रविवार को ही मीनू गांव वापस आयी थी।


मीनू के पिता राम सिंह ने बताया कि आज सोमवार सुबह ही पुष्पेंद्र ने उन्हें फोन कर अपने गांव बुलाया था। पुष्पेंद्र ने उनसे कहा था कि वह अब मीनू के साथ नहीं रह सकता और अलग होना चाहता है। पिता राम सिंह ने घर पहुंचकर दोनों के बीच बीच-बचाव किया और समझा-बुझाकर वापस लौट गए थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि पिता के जाते ही पुष्पेंद्र इस खौफनाक कदम को अंजाम दे देगा। दोपहर करीब 3 बजे पुष्पेंद्र ने अपनी लाइसेंसी 12 बोर की दोनाली बंदूक से मीनू को गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। मीनू की कमर मे 2 गोली लगने पर वह लहूलुहान हो गयी और मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के समय घर पर पुष्पेंद्र व मीनू के अतिरिक्त पुत्रवधू जिया मौजूद थी।


उक्त घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गौतम राय और क्षेत्राधिकारी नजीबाबाद आकांक्षा गौतम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति पुष्पेंद्र को हिरासत में ले लिया है। साथ ही हत्या में इस्तेमाल की गई 12 बोर की लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक भी बरामद कर ली है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि यह बंदूक पहले पुष्पेंद्र के पिता के नाम पर रजिस्टर्ड थी, जिसे बाद में पुष्पेंद्र के नाम पर ट्रांसफर कराया गया था।


एसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते आरोपी ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या की है। मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मंडावली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या