जिला बरेली के कैंट थाना क्षेत्र से महिलाओ के प्रति हो रहे अपराध से जुड़ा एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। कैंट पुलिस ने एक युवती को शादी का झांसा देकर पिछले 3 वर्षो से हवस का शिकार बनाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने उसका शारीरिक शोषण करने के साथ ही अश्लील वीडियो भी बनाई और अब इन वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने व जान से मारने की धमकी दे रहा था। पुलिस ने आरोपी को आज सोमवार को कोर्ट मे पेश कर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला पीलीभीत के बीसलपुर थाना क्षेत्र का निवासी मुजीब आयु 36 वर्ष पुत्र इक़बाल कुरैशी बरेली के नकटिया स्थित मारिया मीट फैक्ट्री के पास किराए के मकान में रह रही एक युवती के संपर्क में आया था। पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि करीब तीन साल पहले मुजीब ने उसे अपने प्रेमजाल में फंसाया। इसके बाद वह निकाह करने झांसा देकर लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
युवती का आरोप है कि आरोपी मुजीब ने धोखे से उसके कुछ अश्लील वीडियो और तस्वीरें रिकॉर्ड कर ली थीं। पीड़िता द्वारा निकाह करने का दबाव बनाये जाने पर अब मुजीब का असली चेहरा सामने आया। मुजीब ने शादी करने से साफ इंकार कर दिया और अश्लील वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। इतना ही नहीं मुजीब अपने दोस्तों को साथ लेकर युवती के घर तक पहुंच गया और उसे सरेआम जान से मारने की धमकी भी दी।
आरोपी द्वारा दी जा रही धमकियों और प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने गत 24 अप्रैल को कैंट थाने में मुजीब, उसके साथी आलम, मतलूब और चार अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था।
दूसरी ओर पुलिस की गिरफ्त में आये मुख्य आरोपी मुजीब ने एक अलग ही कहानी बयां की है। पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ में उसने बताया कि उसके और युवती के बीच प्रेम प्रसंग था और वे निकाह भी करना चाहते थे। इसी दौरान उसे पता चला कि युवती पहले से शादीशुदा है और उसका पहले पति से कानूनी रूप से तलाक भी नहीं हुआ है। मुजीब का आरोप है कि युवती ने उससे यह सब छिपाया था और इसी धोखाधड़ी का पता चलने पर उसने शादी से कदम पीछे खींच लिए। हालांकि, पुलिस हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।
कैंट थाना इंस्पेक्टर संजय कुमार धीर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य आरोपी मुजीब को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वह एक शातिर किस्म का अपराधी है और उसका पहले से ही आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में भी कई थानों में गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। एफआईआर में नामजद उसके अन्य साथी आलम और मतलूब फिलहाल फरार हैं। पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, जल्द ही उन्हें भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

