सोशल मीडिया का बढ़ता इस्तेमाल युवाओं के लिए किस कदर मुसीबत बनता जा रहा है इससे जुड़ा एक सनसनीखेज मामला जिला अमरोहा के गजरौला थाना क्षेत्र से सामने आया है। यहाँ इंस्टाग्राम पर शुरू हुई एक 'लव स्टोरी' का अंत पुलिस थाने की दहलीज पर हुआ है। थाना क्षेत्र निवासी युवती ने एक युवक पर निकाह का झांसा देकर लगातार आठ महीने तक शारीरिक संबंध बनाने और अब दूसरी जगह शादी करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता ने पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया कि तिगरी गंगा मेले के दौरान इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी जान पहचान एक युवक से हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे मुलाकातों में तब्दील हो गई। सोशल मीडिया की यह दोस्ती जल्द ही गहरे प्रेम संबंधों में बदल गई और दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए। युवती का आरोप है कि युवक ने उससे निकाह करने का पक्का वादा कर अपने जाल में फंसा लिया और मुलाकातो का दौर शुरू हो गया। आरोप है कि इन्ही मुलाकातो के दौरान युवक ने युवती का शारीरिक शोषण किया। इस क्रम को धीरे धीरे 8 माह बीत गए और ये सिलसिला जारी रहा। युवती दवा शादी का दबाब बनानी पर युवक कोई न कोई बहाना बनाकर टाल देता था। युवती उसके इरादों से अनजान रही, लेकिन जल्द ही उसके सामने आरोपी की हकीकत आ गई।
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि इस पूरे खेल में युवक का एक दोस्त भी बराबर का साझीदार था। वह लगातार आरोपी युवक का सहयोग कर रहा था और युवती को गुमराह रखने में मदद कर रहा था। हाल ही मे युवती को पता लगा कि आरोपी युवक किसी अन्य युवती के साथ निकाह करने की तैयारी कर रहा है और उसके घर मे शादी की रस्मे भी शुरू हो चुकी है। पीड़िता द्वारा इस सबका विरोध किये जाने पर आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया और उसे रास्ते से हटने की धमकी दी।
धोखे का शिकार हुई पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए गजरौला थाने में दोनों आरोपियों (युवक और उसके दोस्त) के खिलाफ नामजद तहरीर देकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी गजरौला मनोज कुमार ने बताया कि युवती की तरफ से एक शिकायत पत्र (तहरीर) प्राप्त हुआ है। मामला प्रेम प्रसंग और शादी का झांसा देकर शोषण करने से जुड़ा है। पुलिस पूरी गंभीरता से मामले की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

