मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र स्थित 'द ग्रैंड डे' सोसायटी में आज रविवार सुबह नगर पंचायत विभाग के एक कर्मचारी का शव फ्लैट के भीतर पड़ा मिलने पर हड़कंप मच गया । घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस घटना के बाद से मृतक के सहकर्मियों और रिश्तेदारों में कोहराम मचा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर आवश्यक कार्रवाई के उपरांत पोस्टमार्टम को भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मूल रूप से ग्राम हाजीपुर, हापुड़ रोड के निवासी सुनील कुमार आयु 41 वर्ष पुत्र महेंद्र सिंह नगर पंचायत सूरजकुंड में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे। सुनील कुमार पिछले करीब 11 वर्ष से बिजली बंबा बाईपास स्थित द ग्रेंड दे सोसायटी के छठे तल पट अपनी पत्नी राखी और 3 बच्चो के साथ रह रहे थे। आज रविवार की सुबह सुनील का शव कमरे मे पड़ा मिलने पर पुलिस और परिजनो को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस के साथ ही पंचायत विभाग के तमाम कर्मचारी व मृतक के रिश्तेदार मौके पर आ पहुंचे।
हाईप्रोफाइल सोसायटी में शव मिलने की सूचना मिलते ही परतापुर थाना पुलिस और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने फ्लैट के अंदर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उक्त घटना के बाद मृतक के परिजनो ने सुनील की पत्नी राखी पर बेहद गंभीर आरोप लगाए है। परिजनो का कहना है कि सुनील और उनकी पत्नी के बीच पिछले काफी समय से गंभीर घरेलू विवाद चल रहा था। इस सबके चलते सुनील तनावग्रस्त रहने लगा था। परिजनों के मुताबिक अपनी इस प्रताड़ना और परेशानी का जिक्र सुनील ने परिवार के अन्य सदस्यों से भी किया था। मृतक के परिजनो ने पुलिस प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि सुनील की मौत के मामले में पत्नी की भूमिका की निष्पक्ष और गहनता से जांच की जाए।
उक्त पूरे मामले मे थाना प्रभारी परतापुर अजय शुक्ला ने बताया कि प्रारंभिक जांच और चिकित्सीय इतिहास को देखते हुए मामला हार्ट अटैक (दिल का दौरा पड़ने) से मौत का लग रहा है। थाना प्रभारी ने कहा कि तक सुनील कुमार को पहले भी दो बार हार्ट अटैक आ चुका था। हालांकि, परिजनों के आरोपों को ध्यान में रखते हुए पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। मौत की असली वजह क्या है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा।
नगर पंचायत विभाग के कर्मचारियों ने सुनील के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित बच्चों और परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

