उत्तर प्रदेश के जिला शाहजहाँपुर से पति द्वारा पहली पत्नी को धोखे मे रखकर दूसरी शादी किये जाने का एक मामला प्रकाश मे आया है। यहाँ एक विवाहिता ने अपने पति पर पहली शादी छिपाकर कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि इस सबका विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़िता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रोजा थाना क्षेत्र के गाँव हथौड़ा बुजुर्ग निवासी पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2016 में जिला हरदोई निवासी प्रदीप उर्फ प्रिंस के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यो ने अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। महिला के अनुसार उसने इस मामले मे पहले भी कानूनी कार्रवाई की थी और मामला पुलिस तक पहुंचा था।
महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति ने कथित रूप से गलत जानकारी देकर एक शपथ-पत्र तैयार कराया और उसी के आधार पर हरदोई निवासी दूसरी महिला से विवाह कर लिया है। इस सबका विरोध किये जाने पर आरोपी ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़िता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओ मे मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आये तथ्यो के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

