जिला बिजनौर के नहटौर थाना क्षेत्र से विदेश भेजने के नाम पर लाखो की कथित ठगी किये जाने का मामला प्रकाश मे आया है। एसपी को दिए गए शिकायती पत्र मे पीड़ित ने बताया कि तीन युवको ने उसे चेक गणराज्य भेजने का झांसा देकर करीब 17 लाख रूपये ठग लिए और उसे फर्जी वीजा, हवाई टिकट और अपॉइंटमेंट लेटर सौंप दिए। पुलिस ने इस मामले मे आरोपियो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के ग्राम महमूदपुर निवासी नूर मोहम्मद ने बताया कि वही विदेश जाकर रोजगार करना चाहते थे। इसी बीच उनकी बात फ़ोन के माध्यम से मोहम्मद जीशान से हुई। आरोप है कि जीशान ने अपने मामा मोहम्मद फरजान और भाई जुबेर आलम के साथ मिलकर उसे विदेश भेजने का दावा किया। बताया गया कि आरोपियो ने उसे चेक गणराज्य भेजने का आश्वासन देते हुए प्रति व्यक्ति लगभग 7 लाख रूपये खर्च होने की बात कही। नूर मोहम्मद उसके साथी आदिल व मोहम्मद फैजान ने जीशान पर भरोसा करते हुए अपने पासपोर्ट, पैन कार्ड व आधार कार्ड आरोपियो को सौंप दिए।
सभी कागजात लेने के बाद आरोपियो ने नूर मोहम्मद व उसके साथियो को चेक गणराज्य की एक कम्पनी का फर्जी ऑफर लेटर तथा एम्बेसी का अपॉइंटमेंट लेटर दे दिया। इसके बाद आरोपियो ने नूर मोहम्मद व उसके साथियो से अलग अलग तारीखो मे यूपीआई, बैंक ट्रांसफर व आरटीजीएस और नकद के माध्यम से करीब 17 लाख रूपये ले लिए।
शिकायत के अनुसार गत 5 जनवरी 2026 को आरोपियों ने मोबाइल पर कथित हवाई टिकट भेजकर तीनों युवकों को दिल्ली एयरपोर्ट बुलाया। एयरपोर्ट पहुंचने पर उन्हें वहाँ कोई सम्बंधित व्यक्ति नही मिला। इतना ही नही एयरपोर्ट पर की गयी जांच मे उनके वीजा और टिकट भी फर्जी पाए गए। वापस आये पीड़ितों द्वारा विरोध किये जाने पर आरोपियो ने पहले मामला टालने का प्रयास किया और फिर उन्हें जर्मनी भेजने का आश्वासन दिया। इसके लिए एक बार फिर तीनो पीड़ितो को कथित अपॉइंटमेंट लेटर भेजा गया। पीड़ितो द्वारा दिया गया पैसा वापस मांगे जाने पर आरोपियो ने उन्हें झूठे मुकदमे मे फंसाने और जान से मारने की धमकी भी दी।
नूर मोहम्मद ने पुलिस अधीक्षक बिजनौर को शिकायती पत्र देकर आरोपी मो. जीशान, मो. फरजान और जुबेर आलम के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में यह भी अनुरोध किया गया है कि आरोपियों को विदेश जाने से रोका जाए। उनका दावा है कि मो. जीशान फिलहाल विदेश से भारत आया हुआ है और दोबारा विदेश जाने की तैयारी में है। पुलिस ने आरोपियो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

