मेरठ/उत्तर प्रदेश - 50 हजार का ईनामी बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, अवैध तमंचा व 40 हजार की नकदी बरामद - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, अगस्त 13, 2026

मेरठ/उत्तर प्रदेश - 50 हजार का ईनामी बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, अवैध तमंचा व 40 हजार की नकदी बरामद

newsindia17.com/meerut-50-thousand-rewarded-criminal-arrested-after-encounter-illegal-pistol-40-thousand-cash-recovered

मेरठ में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पल्लवपुरम पुलिस और स्वाट टीम को बड़ी सफलता मिली है। कल बुधवार देर रात दुल्हेड़ा-खनोदा मार्ग पर हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान पैर मे गोली लगने पर घायल हुए बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार पल्लवपुरम थाना पुलिस और स्वाट टीम कल बुधवार देर रात दुल्हेड़ा-खनोदा मार्ग पर संदिग्ध वाहनों और लोगों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार संदिग्ध युवक को आता देख पुलिस टीम ने रूकने का इशारा किया। इस पर बाइक सवार युवक ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गयी जबाबी कार्रवाई मे एक गोली बाइक सवार युवक के पैर मे जा लगी और घायल होकर गिर गया। पुलिस टीम ने घायल हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया।


घायलवस्था में गिरफ्तार किये गए आरोपी की पहचान तरुण ठाकुर उर्फ काला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र का रहने वाला है और उसके खिलाफ हत्या, लूट, चोरी समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज मुकदमों के आधार पर तरुण को शातिर अपराधी माना जा रहा है। इसी आपराधिक गतिविधियों के चलते उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।


पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, 40 हजार रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, तरुण लगातार लूट और वाहन चोरी की घटनाओं में सक्रिय था। हाल ही में पल्लवपुरम क्षेत्र में हुई लूट और बाइक चोरी की वारदात में भी उसका नाम सामने आया था। पुलिस अब बरामद बाइक और नकदी के संबंध में भी जांच कर रही है कि इनका किसी आपराधिक घटना से संबंध है या नहीं।


मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर हाल में हुई आपराधिक वारदातों और उसके संभावित साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के आधार पर आरोपी से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है। साथ ही उसके आपराधिक नेटवर्क से जुड़े लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या