अफजलगढ़/जिला बिजनौर - पुलिस ने देर रात हुई मुठभेड़ के बाद चार शातिर चोरो को किया गिरफ्तार, चोरी की गयी सोलर प्लेट व हथियार बरामद - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, अगस्त 13, 2026

अफजलगढ़/जिला बिजनौर - पुलिस ने देर रात हुई मुठभेड़ के बाद चार शातिर चोरो को किया गिरफ्तार, चोरी की गयी सोलर प्लेट व हथियार बरामद

newsindia17.com/afzalgarh-bijnor-police-encounter-four-thieves-arrested-stolen-solar-panels-weapons-recovered

जिला बिजनौर की अफजलगढ़ पुलिस ने कल देर रात हुई मुठभेड़ के बाद ने चार शातिर सोलर प्लेट चोरो को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक कार्रवाई के दौरान आरोपियों की ओर से फायरिंग की गई, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली लगी जबकि एक आरक्षी भी घायल हो गया। पुलिस ने गिरफ्तार किये आरोपियों के कब्जे से चोरी की गयी पांच सोलर प्लेटें, नकदी, दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल ट्रक बरामद किया है। घायल आरोपियों और पुलिसकर्मी को उपचार के लिए सीएचसी अफजलगढ़ भेजा गया है।


पुलिस के अनुसार बुधवार रात करीब डेढ़ बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मानियावाला स्थित एचसीएम इंटर कॉलेज के पास आम के बाग में एक ट्रक के अंदर चार संदिग्ध मौजूद हैं। उनके पास चोरी की सोलर प्लेटें हैं और वे किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही अफजलगढ़ पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस का दावा है कि टीम को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग में आरक्षी गौरव कुमार घायल हो गए।


इसके बाद पुलिस द्वारा की गयी जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैर में गोली जा लगी और घायल होकर गिर गए। पुलिस ने दोनों घायल आरोपियो समेत चार को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक घायल आरोपियों की पहचान रेहड़ थाना क्षेत्र निवासी विमल कुमार और नाजिम के रूप में हुई है। वहीं अन्य दोनों आरोपी दीपक और आशीष बताए गए हैं जो मोहल्ला शिवमंदिर के निवासी हैं। घायल आरोपियों के साथ आरक्षी गौरव कुमार को भी उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अफजलगढ़ भेजा गया।


पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आपस में साथी हैं और मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने ग्राम मनियावाला फ्लाईओवर के पास स्थित एक ट्यूबवेल से सोलर प्लेटें चोरी की थीं। पुलिस के मुताबिक गत 3 अगस्त की रात ग्राम मनियावाला निवासी रिषव कुमार के खेत में बने ट्यूबवेल से चार सोलर पैनल चोरी हुए थे। रिषव कुमार ने 4 अगस्त को थाने में तहरीर दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओ मे मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी चोरी की सोलर प्लेटों को ट्रक में रखकर बेचने के लिए ले जा रहे थे तभी पुलिस ने उन्हें घेर लिया।


पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने करीब पांच से छह दिन पहले ग्राम फजलाबाद परमानंदपुर उर्फ मनियावाला स्थित एक बंद मकान के ताले तोड़कर चोरी करने की बात भी बताई। आरोपियों के मुताबिक इस चोरी में उन्हें करीब 49 हजार रुपये मिले थे। पुलिस ने आरोपियो के कब्जे से चोरी की गयी रकम का भी कुछ हिस्सा बरामद किया है। रकम को चारों ने आपस में बांट लिया था।  गिरफ्तार आरोपियों में तीन का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है। नाजिम के खिलाफ रेहड़ थाने में चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत दस मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं विमल कुमार के खिलाफ कुल पंद्रह  मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। दीपक के खिलाफ भी नौ मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपी अलग-अलग मामलों में वांछित चल रहे थे और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी।


पुलिस ने आरोपियो के कब्जे से पांच सोलर प्लेट, नकदी, दो तमंचे, चार जिन्दा व दो खोखा कारतूस के साथ ही वारदात मे प्रयोग किया गया एक ट्रक भी बरामद किया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या