रिपोर्ट - मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश से जिला प्रभारी सत्यवीर यादव।
पुलिस की सक्रियता के बावजूद जिले में लूटपाट की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। मूंढापांडे थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात नकाबपोश बदमाशों ने अक्का डिलारी और गोधनपुर का मजरा गांव में जमकर कहर बरपाया। एक परिवार को बंधक बनाकर वे लाखों रुपये का माल लूटकर फरार हो गए।बेखौफ बदमाशों ने सबसे पहले ग्राम अक्का डिलारी में धावा बोला। उन्होंने यहां रात करीब एक बजे मालती पत्नी महेंद्र के घर को निशाना बनाया। बदमाशों ने तमंचे के बल पर महिला से संदूक की चाबी छीन ली। इसके बाद वे 25 हजार नकद और सोने चांदी के जेवर लूट कर फरार हो गए। इसके बाद बदमाश अक्का डिलारी से महज 100 मीटर दूर ग्राम गोधनपुर का मजरा पहुंचे। वहां अमर सिंह के पूरे परिवार को एक कमरे में बंद कर दिया। फिर सोने व चांदी के जेवर के साथ ही पीतल के बर्तन और छह हजार रुपये नकदी लूटकर फरार हो गए।
ग्रामीणों की मदद से पीडि़तों ने लूटपाट की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीडि़तों से पूछताछ हो रही है। दोनों गांवों में भय का माहौल है। बीते आठ दिन के भीतर सिलसिलेवार चोरी व लूट की यह 10वीं घटना है।