जिला बिजनौर के नूरपुर थाना क्षेत्र से कर्ज मे डूबे एक परिवार द्वारा विषाक्त पदार्थ का सेवन किये जाने का मामला प्रकाश मे आया है। इस घटना मे माँ व उसकी दोनो पुत्रियो की मौत हो गयी जबकि पति की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ ही उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवो को पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव टंडेरा का निवासी पुखराज घोड़ा बग्गी चलाकर अपना व अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था। उसका बेटा भी मजदूरी करता है। दोनों को मिलने वाली मजदूरी से किसी प्रकार परिवार का गुजारा हो जाता था। पुखराज ने चार वर्ष पूर्व अपनी बड़ी बेटी की शादी करने के लिए कर्ज लिया था। इस कर्ज के बोझ को कम करने के लिए उसने बाद मे गाँव के साहूकार व दो फाइनेंस कम्पनियो से भी कर्जा लिया था। परिवार की आर्थिक स्थिति गिरने पर उसके बेटे ने भी अपनी बाइक एक साहूकार के यहाँ गिरवी रखकर 25 हजार का कर्ज लिया हुआ है। पुखराज के हिस्से में दो बीघा पुश्तैनी जमीन आयी थी और ये जमीन भी आर्थिक तंगी के चलते बिक गयी थी। इस समय गाँव के बाहर तिरपाल से बनाई गयी एक झोपड़ी में पुखराज अपने परिवार के साथ रह रहा था।
बताया गया कि पुखराज ने एक निजी कम्पनी से 6 लाख रूपये का कर्ज लिया था। इस कर्ज की वसूली के लिए रिकवरी एजेंट पुखराज को लगातार परेशान कर रहे थे। इस मामले को लेकर पुखराज व उसके पुत्र सचिन के बीच भी दो दिनों से विवाद चल रहा था। पुखराज सिंह तीन भाई है और सभी अलग अलग रहते है। पुखराज की कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए उसके भाइयो कैलाश व प्रवीण सिंह ने भी उसके साथ बोलचाल बंद कर दी थी। कर्ज के जाल मे फंसे पुखराज ने आज गुरुवार की सुबह अपनी पत्नी रमेशिया आयु 50 वर्ष, बेटी अनीता आयु 19 वर्ष व सुनीता आयु 17 वर्ष के साथ जहर खा लिया। घटना के वक्त पुखराज की बड़ी बेटी पूनम आयु 22 वर्ष ताजपुर स्थित अपनी ससुराल मे थी व बेटा सचिन किसी काम से बाहर गया हुआ था। विषाक्त पदार्थ का सेवन करने वाले परिवार को तुरंत ही उपचार हेतु जिला अस्पताल मे भर्ती कराया गया। एसपी अभिषेक झा व अन्य अधिकारियो ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवार से जानकारी की। इस घटना मे पुखराज की पत्नी व दोनो पुत्रियों की मौत हो गयी। पुखराज को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया है। पुलिस ने शव कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिए है।
![]() |
अभी तक पाठक संख्या |