जिला बरेली की फरीदपुर पुलिस ने सोशल मीडिया माध्यम पर ग्रुप बनाकर धार्मिक उन्माद फ़ैलाने व एक मदरसे के छात्र के साथ कुकर्म कर अश्लील वीडियो बनाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किये गए आरोपी के मोबाइल से 40 अश्लील वीडियो मिले है। पुलिस ने आरोपी का सुसंगत धाराओ मे चालान कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरथरा का निवासी नबी हसन पुत्र शकील अहमद वर्तमान में शाहजहांपुर के एक मदरसे मे हाफिज की पढ़ाई कर रहा है। नबी हसन ने साथ पढ़ाई कर रहे सीतापुर निवासी किशोर का मोबाइल चुपके से ले लिया। उसने इस मोबाइल के नंबर का प्रयोग कर इंस्टाग्राम पर एक आईडी बनाई थी। नबी हसन ने आईडी बनाने के बाद हैदरी दल 25 बरेली के नाम से एक ग्रुप बनाकर सांप्रदायिक तनाव बढ़ाने वाली आपत्तिजनक सामग्री वायरल की। इस मामले मे पीड़ित किशोर ने कल सोमवार की शाम फरीदपुर थाने मे मुकदमा दर्ज कराया था।
इसके साथ ही शाहजहांपुर निवासी एक 13 वर्षीय छात्र ने भी नबी हसन पर कुकर्म किये जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित छात्र का कहना है कि नबी हसन ने उसके साथ कई बार कुकर्म किया है। छात्र के अनुसार नबी हसन कई बार उसे लेकर फरीदपुर स्थित मकान पर भी आया था। आरोप है कि नबी हसन ने दुष्कर्म करने के दौरान के अश्लील वीडियो भी बनाये और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
नबी हसन की हरकतों से तंग आ चुके छात्र ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। कल सोमवार की देर रात किशोर के परिजनो की ओर से इस मामले मे भी मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नबी हसन को बीसलपुर रोड स्थित धर्म कांटे के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है।

