संभल - कल्कि महोत्सव में जॉनी के सूफियाना गीतों पर थिरके भक्त और साधू

रिपोर्ट - संभल/उत्तर प्रदेश से जिला प्रभारी देवेंद्र कुमार।  
free counter
संभल के ऐंचोड़ा कम्बोह में आयोजित पांच दिवसीय कल्कि महोत्सव के चौथे दिन सूफी गायक जॉनी सूफी ने शानदार प्रस्तुति दी। जॉनी ने सूफियाना तरानों की तान छेड़ी तो पंडाल में बैठे लोग झूमने लगे। देर रात महफिल इस अंजाम पर पहुंची कि श्रद्धालुओं के साथ ही साधु संत भी जानी के सूफियाना तरानों पर झूमते दिखे। वहीं स्थानीय बाल कलाकारों ने नृत्य के कार्यक्रम प्रस्तुत किये तो लोगों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्द्धन किया।

सोमवार की रात को कल्कि महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम,कम्प्यूटर बाबा,स्वामी कल्याण देव आदि ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस मौके पर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि चौदह साल में कल्कि महोत्सव प्रदेश ही नहीं बल्कि देश का बड़ा धार्मिक आयोजन बन गया है। संभल जनपद के लोग जहां साल भर इस आयोजन का इंतजार करते हैं वहीं देश के तमाम हिस्सों से लोग महोत्सव में शामिल होने के लिए पहुंचते हैं। यह लोगों की भगवान कल्कि के प्रति आस्था का प्रमाण है। कल्कि महोत्सव में जहां हजारों लोग विधि विधान से पूजा महायज्ञ करते हैं वहीं सांस्कृतिक संध्या के जरिये इस बात की खुशी भी मनाते हैं कि भगवान श्री कल्कि संभल की इस पवित्र धरती पर अवतार लेने वाले हैं। मध्यप्रदेश से आये कम्प्यूटर बाबा ने कहा कि भगवान कल्कि के रूप में भगवान विष्णु अवतार लेकर धरती से पाप का नाश करेंगे। इस समय लोग धर्म छोड़कर धन के पीछे भाग रहे हैं। यही उनके पतन का बड़ा कारण है। कलियुग में प्रभु के नाम का सुमिरन करने वाले का कल्याण होता है।