गुरुवार को एक अनोखा दृश्य देखने को मिला। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम के तहत विवाह कराने के लिए पुरोहित न मिलने पर हसनपुर के कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा स्वयं ही पुरोहित बन गए। वैदिक मंत्रोच्चारण संग विवाह संपन्न कराया।
हुआ यूं कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सुखदेव इंटर कॉलेज के ग्राउंड पर 222 जोड़ों का विवाह कराने की व्यवस्था की गई थी। इस दौरान भव्य पंडाल सजाया गया और 222 वेदियां अलग-अलग लगाई गई थीं। इस पर इतने ही पुरोहित होने चाहिए थे। पुरोहितों की संख्या कम पड़ने पर हसनपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा स्वयं ही पुरोहित बन गए और उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विवाह संपन्न कराया। इस दौरान उन्हें दक्षिणा स्वरूप 151 रुपये भी प्राप्त हुए। ऐसा दृश्य देखकर लोग चकित रह गए। विवाह संपन्न कराने के बाद शहर भर में जगह-जगह इंस्पेक्टर के इस अनोखे कार्य की चर्चा होती दिखी। लोग उनके कार्य की सराहना करते रहे। प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि वह पूरे अनुष्ठान के साथ विवाह कार्य संपन्न कराना जानते हैं। इसलिए उन्हें यहां विवाह संपन्न कराने में कोई हिचकिचाहट नहीं हुई।
अमरोहा/उत्तर प्रदेश से जिला प्रभारी घनश्याम शर्मा।