गत रात्रि नूरपुर क्षेत्र के एक गाँव निवासी युवक ने गृह क्लेश के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराना चाहा परन्तु परिजनों ने इंकार कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नूरपुर क्षेत्र के गाँव झीरन निवासी मनीष कुमार आयु लगभग 20 वर्ष पुत्र शीशराम सिंह ने गत रात्रि फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया गया कि कल शनिवार की देर रात मनीष की किसी बात पर परिजनों से कहासुनी हो गयी थी। कहासुनी पर आक्रोशित मनीष उठकर कमरे में गया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। मनीष के परिजनों ने दरवाजा खुलवाने का काफी प्रयास किया मगर उसने दरवाजा नहीं खोला। दरवाजा नहीं खुलने पर परिजन दरवाजा तोड़कर अंदर पहुँचे तो देखा कि मनीष फाँसी के फंदे पर लटका हुआ था। मनीष ने छत के कुंडे में दुप्पटे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली थी। मनीष की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवाना चाहा मगर परिजनों ने इंकार कर दिया। आज परिजनों ने मृतक का बिजनौर बैराज ले जाकर अंतिम संस्कार कर कर दिया। मृतक मनीष अपने माता पिता का इकलौता पुत्र था। मनीष की मौत के बाद माता पिता का रो रोकर बुरा हाल है।
| अभी तक पाठक संख्या |