![]() |
| एआई जनरेटेड व वास्तविक इमेज का मिश्रण |
उत्तर प्रदेश के जिला पीलीभीत से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मौहल्ला अशरफ खान में मामूली पारिवारिक विवाद के चलते एक कलयुगी भतीजे ने अपनी सगी चाची की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग सहमे हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज शनिवार की सुबह मोहल्ला अशरफ खान निवासी सलीम किसी काम से घर से बाहर गया था। इस दौरान घर पर उसकी पत्नी निशा आयु 30 वर्ष व 8 माह की पुत्री ही थी। इसी दौरान सलीम का भतीजा मोनिस घर आया था। बताया जा रहा है कि निशा व मोनिस के बीच बीच किसी पुरानी बात को लेकर पहले से ही मनमुटाव चल रहा था। आज एक बार फिर से मोनिस और निशा के बीच उसी पुरानी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों ये कहासुनी मारपीट के तब्दील हो गयी। इस मारपीट के दौरान मोनिस ने घर में रखा एक धारदार चाकू उठा लिया और निशा पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। मोनिस ने निशा के पेट, जांघ और हाथ की कलाई पर गहरे घाव किए। हमले के वक्त निशा की 8 महीने की बेटी वहीं मौजूद थी, जो अपनी मां को लहूलुहान होते देख रोती रही। अत्यधिक खून बह जाने के कारण गंभीर रूप से घायल निशा ने तड़प-तड़प कर मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घर के भीतर से आ रही चीख-पुकार और बच्ची के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी दौड़कर मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी मोनिस खून से सना चाकू लेकर फरार हो चुका था। पड़ोसियों ने अंदर का मंजर देखा तो उनके होश उड़ गए। निशा जमीन पर मृत अवस्था में पड़ी हुई थीं। स्थानीय निवासियों ने इस खौफनाक वारदात की सूचना तुरंत ही स्थानीय पुलिस को दी। हत्याकांड की खबर मिलते ही कोतवाली सदर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गई।
प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया, जहाँ डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। शुरुआती तफ्तीश और पूछताछ में यह साफ है कि हत्या की वजह पुरानी पारिवारिक रंजिश और घरेलू विवाद है।पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस हत्याकांड को अंजाम देकर फरार हुए मुख्य आरोपी मोनिस की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने जाल बिछा दिया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के घर लगातार दबिश दे रही हैं। कोतवाली प्रभारी का दावा है कि पुलिस के पास कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं और आरोपी मोनिस को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। वहीं, इस घटना के बाद से पीड़िता के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और मासूम बच्ची का रो-रोकर बुरा हाल है।

