आज रविवार को नगर के रामा विष्णु सरस्वती शिशु मंदिर के प्रांगण में नेत्र रोगियों के लिए निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नगर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रो से पहुंचे नेत्र रोगियों ने जांच कराई। जांच के बाद कुछ रोगियों को ऑपरेशन के लिए अस्पताल भी ले जाया गया।
पाठको को बताना उचित होगा कि नगर के उक्त विद्यालय में प्रत्येक माह के तीसरे रविवार को हिमालय अस्पताल जोलीग्रांट की ओर से निशुल्क नेत्र जांच व चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाता है। इस शिविर में नगर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नेत्र रोगियों की जाँच कर परामर्श दिया जाता है तथा ऑपरेशन हेतु अस्पताल भी ले जाया जाता है। इसी क्रम में आज रविवार को आयोजित शिविर में जोली ग्रांट से आये चिकित्सको द्वारा 322 नेत्र रोगियों की जाँच की गयी। चिकित्सको ने बताया कि 322 रोगियों में से 86 की आँख का ऑपरेशन किया जायेगा। इन रोगियों को विभिन्न तिथियों पर 10 -10 में अस्पताल ले जाया जायेगा।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, प्रबंधक नवीन अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, आरएसएस के जिला सह शारीरिक प्रमुख मृत्युंजय त्यागी, सेवाभारती के अशोक चंद्रा, सहायक आचार्य शिव कुमार उपस्थित रहे।दोपहर के भोजन के उपरांत शिविर का का समापन किया गया। समापन के अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मदन सिंह ने चिकित्सको व उपस्थित टीम सदस्यों का सहयोग हेतु आभार प्रकट किया। विद्यालय के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने बताया की अब अगला शिविर 20 फरवरी को आयोजित किया जायेगा।
| अभी तक पाठक संख्या |
