उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव को लेकर जहाँ एक ओर विभिन्न राजनैतिक दल विभिन्न दावों व वादों के साथ अपने प्रत्याशियो को मैदान में उतार चुके है वही दूसरी ओर इन दलों के समर्थक भी अपने समर्पण का सबूत देने में पीछे नहीं है। ऐसा ही एक मामला जिला रामपुर के शाहबाद क्षेत्र से सामने आया है जहाँ एक सपा कार्यकर्त्ता ने सपा मुखिया अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री बनने तक अन्न का त्याग किया है। समर्थक का कहना है कि यदि 2022 में सपा सरकार नहीं बनती है तो उसका प्रण आगामी 5 वर्षो तक जारी रहेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सपा मुखिया अखिलेश यादव की कल रामपुर के शाहबाद में आयोजित जनसभा में शामिल होने पहुँचे ग्राम पिर्थीपुर, तहसील आवँला, जिला बरेली के राम रहीस यादव ने उक्त प्रण लिया है। कल रामपुर के शाहबाद में ढकिया रोड स्थित नसीम मलिक के फार्म हाउस पर सपा प्रत्याशी विजय सिंह के समर्थन में एक जनसभा को सम्बोधित किया था। सभा समाप्त होने के बाद जब भीड़ कम हुई तब राम रहीस ने मीडिया को बताया कि उसने 1 जनवरी 2022 से प्रण लिया है कि जब तक प्रदेश में अखिलेश यादव मुख्यमंत्री नहीं बन जाते वह अन्न का एक दाना भी नहीं खायेगा। राम रहीस ने कहा कि यदि अखिलेश यादव मुख्यमंत्री नहीं बनते है तब पूरे 5 वर्षो तक उसका प्रण जारी रहेगा।
भाजपा से नाराजगी के बारे में पूछे जाने पर उसने कहा कि हम रात को खेतो पर जाते है और रात भर गायो को वहाँ से भगाते है। किसान की आय दोगुनी नहीं हुई है यदि सरकार कहे कि चारगुनी हो गयी तब कहने मात्र से थोड़े ही हो जाएगी। गन्ने का भुगतान भी 8 से 10 माह के बाद मिल पा रहा है।
| अभी तक पाठक संख्या |