नहटौर - महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर धूमधाम से निकाली गयी भव्य शोभायात्रा, आकर्षक झांकियो ने मोहा सभी का मन

www.newsindia17.com
नहटौर नगर में आज सोमवार को वाल्मीकि जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गयी। इस शोभा यात्रा में शामिल रही आकर्षक झांकियो ने सभी का मन मोह लिया। शोभा यात्रा प्रारम्भ होने से पूर्व वाल्मीकि मंदिर में पूजा अर्चना की गयी। शोभा यात्रा का शुभारम्भ भाजपा नगरध्यक्ष सिद्धांत जैन व प्रभारी निरीक्षक धीरज सिंह द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर वाल्मीकि समाज द्वारा सिद्धांत जैन, प्रभारी निरीक्षक धीरज सिंह व नगर पालिका के वरिष्ठ लिपिक विशेष उपाध्याय को पगड़ी बांधकर व स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। इस दौरान भाजपा मंडल उपाध्यक्ष अंकुश अग्रवाल (बाबा) व महावीर सैनी आदि मौजूद रहे।

पूजा अर्चना के उपरांत प्रारम्भ हुई भव्य शोभा यात्रा वाल्मीकि बस्ती धामपुर रोड से प्रारम्भ होकर नगर के मोहल्ला अफगानान, मोहल्ला चौधरियान, मुख्य बाजार, एजेंसी चौराहे से होती हुए वापस वाल्मीकि बस्ती में जाकर समाप्त हुई।शोभा यात्रा में सबसे आगे घोड़े पर सवार युवक धर्म ध्वजा लिए चल रहा था। इसके पीछे विभिन्न आकर्षक झांकिया थी। शोभा यात्रा में शामिल रही रास रचाते राधा कृष्ण, भगवान शिव व पार्वती, रौद्र रूप में महाकाली, अखाड़ा व महर्षि वाल्मीकि की आकर्षक झांकी ने सभी का मन मोह लिया। शोभा यात्रा में शामिल अखाड़े में युवा अपनी शक्ति व प्रतिभा का प्रदर्शन करते चल रहे थे। शोभायात्रा में शामिल विभिन्न बैंड भक्तिमय धुनें बिखरते चल रहे थे।

शोभा यात्रा के दौरान सकल वाल्मीकि समाज के साथ ही मुख्य रूप से प्रधान श्रवण सूद, उप प्रधान मोनू सूद, रूपचंद सूद, सुखनचंद सूद, विनीत सहदेव, अशोक पंवार, हिमांशु, लक्ष्मण, राधेश्याम, प्रदीप, विक्की, विकास, प्रवीण कुमार, सावन सूद, संजू, मुकेश कुमार, मनोज आदि  शामिल रहे। सभी का शोभायात्रा के संचालन में विशेष योगदान रहा। शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से प्रभारी निरीक्षक धीरज सिंह व कस्बा प्रभारी उप निरीक्षक अशोक मलिक के साथ ही स्थानीय व अन्य थानों का पुलिस बल भी मौजूद रहा। 
best free website hit counter
अभी तक पाठक संख्या