जिला बिजनौर के स्योहारा थाना क्षेत्र से घर में साफ़ सफाई का काम करने आयी एक 14 वर्षीय किशोरी के साथ मारपीट कर दुष्कर्म किये जाने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी ने इस घटना का एक वीडियो बनाकर भी वायरल किया है। वीडियो वायरल होने पर किशोरी के परिजनों द्वारा थाने में दी गयी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उक्त मामले में स्योहारा के एक मोहल्ला निवासी महिला द्वारा पुलिस को दी गयी तहरीर में बताया गया कि उसकी आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह स्वयं और उसकी 14 वर्षीय पुत्री घरो में साफ़ सफाई का काम करती है। बताया गया कि उसकी पुत्री स्योहारा निवासी अदनान पुत्र आसिफ जैदी के यहाँ साफ सफाई का काम करने जाती है। आरोप है कि गत 10 अक्तूबर को काम पर गयी उसकी पुत्री को अदनान ने पकड़ लिया और पिटाई कर जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म किया। अदनान द्वारा दी गयी धमकी के भय के चलते किशोरी ने परिजनों को कुछ नहीं बताया। इसके बाद अदनान में गत 19 अक्टूबर को फिर से किशोरी को बेल्ट से पीटकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने घटना की एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। 4 मिनट 45 सेकंड की इस वीडियो में आरोपी किशोरी के साथ मारपीट करता व दुष्कर्म करता दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। परिजनों द्वारा किशोरी से पूछताछ करने पर उसे आपबीती कह सुनाई। पीड़िता की माँ द्वारा पुलिस को दी गयी तहरीर के घटना से अवगत कराते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गयी है।
सीओ सर्वम सिंह ने बताया कि पीड़िता किशोरी की माँ द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक स्योहारा अमित कुमार, उप निरीक्षक कृपाल सिंह, महिला उप निरीक्षक वर्षा यादव, हेड कांस्टेबल अस्कर खां, कांस्टेबल विवेक व महिला कांस्टेबल साक्षी तोमर शामिल रही।
अभी तक पाठक संख्या |