![]() |
पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद परिजन व इनसेट में मृतका गौसिया की फाइल फोटो |
बरेली के बहेड़ी थाना क्षेत्र से दहेज की मांग पूरी न होने पर पति द्वारा पत्नी की निर्मम रूप से हत्या किये जाने का मामला प्रकाश में आया है। यहाँ एक व्यक्ति ने पहले पत्नी पर चाकू से वार किये और फिर क्रूरता की हदो को पार करते हुए उसके प्राइवेट पार्ट पर वार करते हुए जांघो की नसों को काट दिया। महिला की मौत होने पर फर्श पर गिरा खून साफ़ कर आरोपी उसे लेकर अस्पताल पहुंचा। जहाँ चिकित्सको ने महिला को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे मृतका के मायके वालो ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पोस्टमार्टम हॉउस पहुंचे मृतका के ताऊ मोहम्मद इस्माइल ने बताया कि उनकी भतीजी गौसिया का निकाह 2 वर्ष पूर्व बहेड़ी के मोहल्ला टांडा निवासी शाहिद उर्फ़ भूरा के साथ हुआ था। शाहिद सब्जी बेचने का काम करता है। शादी के समय गौसिया के पिता ने हैसियत के अनुसार 3 लाख रूपये खर्च किये थे। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही शाहिद व उसके परिजन दहेज में 5 लाख रूपये की मांग करते हुए गौसिया का उत्पीड़न कर रहे थे। उन्होंने बताया कि कुछ समय पूर्व शाहिद ने गौसिया को करंट लगाकर मारने का प्रयास किया था। इस मामले की शिकायत पुलिस से की गयी थी। गौसिया के परिजनों द्वारा पति शाहिद उर्फ़ भूरा, जेठ एजाज, नन्दोई तौफीक अहमद, ननद सबीना, शब्बो व सीमा के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई किये जाने की मांग की गयी है।
थानाध्यक्ष बहेड़ी ने बताया कि मृतका के परिजनों द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर पति, नन्दोई व 3 ननद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न के साथ ही एकराय होकर हत्या करने का भी मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी शाहिद को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
अभी तक पाठक संख्या |