पुलिस अधीक्षक बिजनौर के निर्देशन में अपराध की रोकथाम व अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाये जा रहे सघन अभियान के तहत जनपद के थानों में वाँछितो की गिरफ्तारी का क्रम लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना अफजलगढ़ पुलिस ने आज शुक्रवार को किशोरी का अपहरण कर दुष्कर्म करने के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किये गए आरोपी का सुंसगत धाराओं में चालान कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट में बताया गया कि गत 17 अक्टूबर को पीड़िता किशोरी के पिता द्वारा थाने में एक तहरीर दी गयी थी। तहरीर में बताया गया था कि सनी पुत्र राम सिंह, निवासी ग्राम गढ़ी नेगी, थाना कुंडा, जनपद उधम सिंह नगर (उत्तराखंड) उसकी नाबालिग पुत्री को बहलाफुसला कर अपने साथ ले गया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। पुलिस द्वारा की गयी त्वरित कार्रवाई के दौरान किशोरी को बरामद कर लिया गया था। किशोरी से की गयी पूछताछ के आधार पर मुकदमे में पोक्सो एक्ट भी शामिल किया गया था। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
अफजलगढ़ पुलिस ने आज शुक्रवार को उक्त मामले में वांछित चल रहे आरोपी सनी पुत्र राम सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक श्रीपाल सिंह व महिला कांस्टेबल सुनीता रानी शामिल रही।
अभी तक पाठक संख्या |