नहटौर/जिला बिजनौर - कांवड़ यात्रा व रविदास जयंती पर शांति व्यवस्था बनाये रखने की अपील, थाना परिसर मे आयोजित शांति समिति की सभा मे थानाध्यक्ष ने दिए आवश्यक निर्देश - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, जनवरी 24, 2026

नहटौर/जिला बिजनौर - कांवड़ यात्रा व रविदास जयंती पर शांति व्यवस्था बनाये रखने की अपील, थाना परिसर मे आयोजित शांति समिति की सभा मे थानाध्यक्ष ने दिए आवश्यक निर्देश

www.newsindia17.com

आगामी संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज शनिवार को थाना प्रांगण मे शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए थाना अध्यक्ष धीरज सिंह नागर ने क्षेत्र के गणमान्य लोगों से त्योहारों को मिलजुल कर और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।


थाना अध्यक्ष ने कांवड़ यात्रा की संवेदनशीलता को देखते हुए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले सभी बिजली के खम्भों पर सेफ्टी कवर लगाए जाएं और ढीले तारों को तुरंत दुरुस्त किया जाए ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। उन्होंने कांवड़ियो की सेवा हेतु लगाए जाने वाले शिविरो हेतु भी दिशा निर्देश दिए। थानाध्यक्ष ने कहा कि कांवड़ सेवा शिविर मुख्य सड़क से उचित दूरी पर लगाए जाएं तथा सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाए। उन्होंने शिविर संचालको से यातायात व्यवस्था मे भी सहयोग बनाये रखने की अपील की।


रविदास जयंती के उपलक्ष्य में निकलने वाली शोभायात्रा को लेकर भी पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। थाना अध्यक्ष ने जुलूस कमेटी के पदाधिकारियों को चेतावनी दी कि शराब का सेवन कर हुड़दंग करने वाले तत्वों को आयोजन से दूर रखा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शांति व्यवस्था भंग करने वालो के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।


थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में  मौजूद रहे बिजली विभाग के जेई चेतराम सिंह ने बिजली व्यवस्था को लेकर आश्वस्त किया। नगर पालिका के वरिष्ठ लिपिक विशेष उपाध्याय ने भी त्यौहारो के दौरान सफाई और अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का आश्वासन दिया। बैठक के दौरान उपस्थित रहे क्षेत्र के विभिन्न गणमान्यो व ग्राम प्रधानों ने भी अपने विचार रखे और आगामी त्यौहारो पर शांति व्यवस्था बनाये रखने की अपील की।


शांति समिति की बैठक मे मुख्य रूप से भाजपा उप मंडलाध्यक्ष  कपिल शर्मा, अंकुश अग्रवाल (बाबा), राकेश अग्रवाल, विनिल वर्मा, मनीराम, शेर सिंह, यशपाल सिंह, दीपक कुमार, नरपाल सिंह, सुदेश कुमार व पुनीत कुमार सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक व ग्राम प्रधान मौजूद रहे।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या