किरतपुर/जिला बिजनौर - खाकी और रसूखदारों ने मिलकर खेला 'हनीट्रैप' का खेल, 8 लाख की माँग कर रहे 2 पुलिसकर्मियो समेत 5 के खिलाफ मुकदमा दर्ज - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, जनवरी 24, 2026

किरतपुर/जिला बिजनौर - खाकी और रसूखदारों ने मिलकर खेला 'हनीट्रैप' का खेल, 8 लाख की माँग कर रहे 2 पुलिसकर्मियो समेत 5 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

www.newsindia17.com
एआई जनरेटेड इमेज 
जिला बिजनौर के किरतपुर थाना क्षेत्र से खाकी और रसूखदारों की मिलीभगत का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक युवक को अश्लील बातों के जाल में फंसाकर उसकी निजी वीडियो बनाकर पुलिसकर्मियों के माध्यम से डरा-धमकाकर 8 लाख रुपये वसूलने की कोशिश की गई। इस मामले में पीड़ित द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर पुलिस ने एक महिला, दो सिपाही और एक नगर पालिका सभासद सहित 5के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।

हनी ट्रैप के जाल में फंसे पीड़ित अरसलान, निवासी मोहल्ला अंसारियान, किरतपुर के अनुसार गत 8 जनवरी से एक अज्ञात महिला ने उसे बार-बार कॉल कर रही थी। पहले तो अरसलान ने उसे नजरअंदाज किया लेकिन 10 जनवरी को वह महिला के बहकावे में आ गया और उससे मिलने बिजनौर के शक्ति चौराहा जा पहुँचा। वहां मिली महिला ने उसे अपना नाम 'फौजिया' बताया। आरोप है कि महिला उसे एक होटल मे ले गयी और चोरी छिपे निजी वीडियो रिकॉर्ड कर ली।

गत 21 जनवरी को एक किसान नेता ने अरसलान को बताया कि महिला ने उसके खिलाफ पुलिस से शिकायत की है। इसके बाद किरतपुर थाने में तैनात दो पुलिसकर्मी सक्रिय हुए। पुलिसकर्मियों ने अरसलान को उसकी वीडियो दिखाई और जेल भेजने की धमकी दी। आरोप है कि पुलिसकर्मियो ने मामले को रफा-दफा करने के बदले उससे 10 लाख रुपये की मांग की। बाद में अरसलान व पुलिसकर्मियो के बीच हुई बातचीत मे 8 लाख रूपये मे मामला निपटाना तय हुआ। पीड़ित के अनुसार इस पूरी साजिश में नगर पालिका सभासद शाहवेज उर्फ सानू की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि सभासद पीड़ित की आर्थिक स्थिति से वाकिफ था और वह महिला के साथ मिलकर अरसलान को पैसे देने के लिए मजबूर कर रहा था।

इस सबके बाद सामाजिक प्रतिष्ठा और मानसिक तनाव से जूझ रहे पीड़ित ने आखिरकार हिम्मत जुटाई और 24 जनवरी को पुलिस में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने पीड़ित द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर आरोपितो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है। सीओ नजीबाबाद नीतेश कुमार ने बताया कि पीड़ित द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर महिला, दो पुलिसकर्मियों, सभासद शाहवेज और एक अन्य के खिलाफ धारा 384 (वसूली) और साजिश के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
free counter
अभी तक पाठक संख्या