कल रविवार की देर शाम खाद्य सुरक्षा विभाग, जीएसटी व पुलिस की टीम ने हल्दौर थाना क्षेत्र छापामार कार्रवाई कर नकली गुटखा बनाने के काले कारोबार का पर्दाफाश किया है। छापामार कार्रवाई के दौरान मौके से भारी मात्रा मे नामचीन कम्पनी के नाम से बनाया गया नकली गुटखा, कच्चा माल व पैकिंग की मशीन बरामद हुई है। पुलिस ने मौके से 01 आरोपी को गिरफ्तार किया है जबकि मालिक समेत 4 अन्य आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। गिरफ्तार किए गए आरोपी का आज सोमवार को सुसंगत धाराओ मे चालान कर जेल भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बरेली निवासी गगन पान मसाला कंपनी के डायरेक्टर अनिल गुप्ता को सूचना मिली थी कि हल्दौर थाना क्षेत्र के बिजनौर-मुरादाबाद हाईवे पर स्थित फैरी फार्म हाउस में उनके ब्रांड का नकली उत्पाद तैयार किया जा रहा है। उन्होंने इस मामले की जानकारी सम्बंधित विभागो को देते हुए कार्रवाई करने की मांग की थी। सूचना पर कार्रवाई करते हुए कल रविवार की देर शाम सीओ सिटी संग्राम सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजीव सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीके वर्मा, अनुपम यादव और जीएसटी विभाग की टीम ने छापामार कार्रवाई की और फार्म हाउस की घेराबंदी कर दी।
टीम के पहुंचते ही फार्म हाउस के अंदर भगदड़ मच गई। पुलिस ने मौके से नूरपुर के मोहल्ला कबीरनगर निवासी अब्दुल रहमान को दबोच लिया, जबकि अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। छापामार टीम ने मौके से 2537 तैयार पाउच (8 बोरे नकली गुटखा), 24 किलो खाली पाउच (प्रिंटेड), 130 किलो कच्चा माल (3 बोरे के साथ ही पैकिंग मशीनें व अन्य उपकरण बरामद किये है।
थाना प्रभारी हल्दौर निरीक्षक किशन अवतार ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान मौके से गिरफ्तार किया गया आरोपी अब्दुल रहमान शातिर अपराधी है। वह इससे पहले 5 अक्टूबर को भी मोहल्ला गांधी नगर में नकली गगन गुटखा बनाने के आरोप में पकड़ा गया था। जेल से बाहर आने के बाद उसने पावटी स्थित फार्म हाउस में दोबारा अवैध फैक्ट्री संचालित कर दी। इस मामले मे कम्पनी के डायरेक्टर अनिल गुप्ता द्वारा की गयी तहरीर के आधार पर अब्दुल रहमान, निवासी नूरपुर, फार्म हाउस संचालक आदिल, निवासी नूरपुर, युसूफ निवासी गाँव कुंडा, थाना क्षेत्र नूरपुर, अजय निवासी बरेली (कच्चा माल सप्लायर) व आसिफ, निवासी बदायूँ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मौके से गिरफ्तार किये गए अब्दुल रहमान का सुसंगत धाराओ मे चालान कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, बरेली का अजय कच्चा सामान सप्लाई करता था और अब्दुल रहमान यहां मशीनों से गुटखा तैयार कर बाजार में खपाता था। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

