![]() |
| एआई जनरेटेड इमेज |
मुरादाबाद महानगर के मझोला थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। यहाँ एक विवाहिता ने अपने प्रेमी को घर बुलाकर न केवल अपने पति की पिटाई करवाई, बल्कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी। आरोप है कि महिला अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करना चाहती है ताकि उसकी संपत्ति पर कब्जा कर सके।
पीड़ित गौरव गुप्ता ने पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया कि उसकी शादी 22 फरवरी 2022 को दुर्गेश नगर, डबल फाटक, थाना क्षेत्र कटघर की निवासी सोनम गुप्ता से हुई थी। शुरुआती दिनों में सब ठीक रहा लेकिन जल्द ही सोनम का व्यवहार बदलने लगा। गौरव को पता चला कि सोनम फोन पर निखिल नाम के एक युवक से घंटों बात करती है।इसका विरोध करने पर सोनम ने अपने प्रेमी निखिल को घर बुलाना शुरू कर दिया।
गौरव का कहना है कि गत 22 मार्च की रात लगभग साढ़े 9 बजे सोनम ने फोन कर अपने प्रेमी को घर बुलाया था। निखिल अपने 4 से 5 साथियो के साथ तमंचा लेकर गौरव के घर पहुँचा। आरोप है कि निखिल और उसके साथियो ने तमंचे के बल पर गौरव व उसके परिजनो को धमकाया और गाली गलौज की। आरोप है कि निखिल व उसके साथियो ने मिलकर गौरव के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। गौरव का कहना है कि मेरी पत्नी सोनम अपने प्रेमी निखिल के साथ मिलकर मुझे रास्ते से हटाना और संपत्ति पर कब्जा करना चाहती है। इस घटना से पहले भी सोनम उसके परिजनों के साथ बदसलूकी कर चुकी है।
सीओ सिविल लाइंस कुलदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर उसकी पत्नी सोनम गुप्ता उसके प्रेमी निखिल गुप्ता व 4 से 5 अज्ञात आरोपियो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जाँच की जा रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)
