![]() |
| एआई जनरटेड इमेज |
जिला अमरोहा के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र से बच्चों के मामूली विवाद को सुलझाने के लिए बैठी पंचायत मे खूनी संघर्ष होने का मामला प्रकाश मे आया है। इस दौरान दोनो पक्षो के बीच जमकर लाठी डंडे चले। जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हंगामे और मारपीट को देख फैसले के लिए आए पंच मौके से जान बचाकर भाग खड़े हुए। पुलिस ने मामले में जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कल रविवार की सुबह थाना क्षेत्र के गाँव पिपलौती में बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इस छोटे से विवाद को निपटाने के लिए रात करीब 9:00 बजे गांव निवासी सुल्तान की चौपाल पर दोनों पक्षों को बुलाया गया था। पंचायत में गांव के कई गणमान्य लोग भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान अचानक दोनों पक्ष उग्र हो गए और गाली-गलौज शुरू हो गई। देखते ही देखते लाठियां निकल आईं और दोनों ओर से प्रहार शुरू हो गए। मारपीट की इस घटना में एक पक्ष से अतीक पुत्र हामिद, रफी मोहम्मद और उसका भाई मुजीब घायल हुए हैं, जबकि दूसरे पक्ष से मुस्तकीम को चोटें आई हैं। अचानक हुई इस हिंसा से चौपाल पर भगदड़ मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया। सीएचसी के डॉक्टरों ने दो घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है। घटना के बाद से गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हसनपुर राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि पिपलौती कला में पंचायत के दौरान दो पक्षों में मारपीट की सूचना मिली थी। इस संघर्ष में घायल दो लोगों को हायर सेंटर भेजा गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कातिलाना हमले की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। दोषियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)
