जिला बिजनौर के चाँदपुर थाना क्षेत्र से एक युवक के साथ मारपीट का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि बाइक और स्कूटी की टक्कर के बाद युवती के परिजनों ने युवक को बंधक बनाकर लाठी-डंडों से इस कदर पीटा कि वह कोमा में चला गया। हमलावर गंभीर रूप से घायल हुए युवक को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। पीड़ित युवक के परिजनों ने आज सोमवार को थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव हेजरपुर का निवासी प्रशांत, पुत्र सियाराम कल रविवार की देर शाम करीब 7 बजे अपने किसी काम से मिर्जापुर जा रहा था। रास्ते में उसकी बाइक की टक्कर तखनपुरी निवासी एक युवती की स्कूटी से हो गई। परिजनों का आरोप है कि इस छोटी सी बात पर युवती के पक्ष के लोग और कुछ अज्ञात असामाजिक तत्व प्रशांत को जबरन पकड़कर अपने घर ले गए। पीड़ित परिवार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि हमलावरों ने प्रशांत को कमरे में बंद कर लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आने के कारण प्रशांत अचेत हो गया। प्रशांत की हालत बिगड़ने पर हमलावर उसे मिर्जापुर क्षेत्र में सड़क किनारे फेंककर भाग निकले। आरोपी प्रशांत का मोबाइल फोन, आधार कार्ड और जेब में रखे 2000 रुपये भी लूट ले गए।
किसी राहगीर के द्वारा सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और प्रशांत को रात में ही मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल ले गए। जहाँ स्थिति गम्भीर देखते हुए चिकित्सको ने प्राथमिक उपचार के बाद वापस भेज दिया गया। आज सोमवार सुबह परिजन प्रशांत को लेकर चांदपुर थाने पहुंचे। पुलिस ने तत्काल घायल को सीएचसी स्याऊ में भर्ती कराया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है।
थाना प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि युवक के परिजनो ने मामले की तहरीर दी है। युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.jpg)
