आज शनिवार की सुबह धनारी थाना क्षेत्र के एक गाँव में खेत से आ रहे किसान को दबंगो ने गोली मार दी। कंधे में गोली लगने पर किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुँची पुलिस ने किसान को उपचार हेतु सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जाँच में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धनारी थाना क्षेत्र के गाँव किरतपुर का निवासी किसान सतवीर अपने खेत से घर आ रहा था। इसी दौरान गांव के ही कुछ दबंगो ने उसे रोककर फायर झोंक दिया। गोली लगने पर किसान लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुँची पुलिस ने सतवीर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
सतवीर के परिजन खेम सिंह ने बताया कि घर से लौटते समय सतवीर को कुछ दबंगो ने गोली मार दी है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गयी है। थाना प्रभारी ललित कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु दबिश दी जा रही है।
अभी तक पाठक संख्या |