जिला अमरोहा के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव में शादी समारोह के दौरान एक युवक को उसके भाई ने चाकू से हमला कर घायल कर दिया। इस घटना एक बाद शादी समारोह में अफरा तफरी मच गयी। घायल को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी हालत गंभीर देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया। पुलिस तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गत शुक्रवार को कोतवाली क्षेत्र के गांव लोहारी भूड़ निवासी बालकरण चौहान की पुत्री की बारात आयी थी। बारात चढ़त के बाद रात लगभग 10 बजे सभी खाना खा रहे थे। गाँव निवासी प्रमोद चौहान व रॉक्सी भी यहाँ मौजूद थे। इस दौरान रॉक्सी ने अचानक ही प्रमोद पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू का पहला बार उसकी बाँह में लगा और दूसरा वार उसके पेट पर किया गया। प्रमोद लहूलुहान होकर वही गिर गया। घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गयी। आनन फानन में घायल प्रमोद को एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहाँ उसकी हालत गंभीर देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुँची पुलिस ने मौका मुआयना किया।
प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि प्रमोद व उसके भाई रॉक्सी में बीच दो दिन पूर्व सिंचाई करने को लेकर विवाद हुआ था। प्रमोद व रॉक्सी आपस में चचेरे तहेरे भाई है। माना जा रहा है कि आपसी विवाद के चलते ही रॉक्सी ने प्रमोद पर कातिलाना हमला किया है। रॉक्सी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मौके से खून से सना चाकू बरामद किया गया है। रॉक्सी की गिरफ्तारी हेतु दबिश दी जा रही है। प्रमोद की हालत गंभीर बनी हुई है।
अभी तक पाठक संख्या |