आज रविवार को श्री गुरु सिंह सभा, नहटौर के तत्वाधान मे गुरु नानक देव जी के 555वे प्रकाशोत्सव पर पंच प्यारो की अगुवाई में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन से पूर्व नगर के जोखा सराय स्थित गुरूद्वारे मे गत रात्रि से आयोजित कीर्तन मे अमेरिका से आये भाई बलजीत सिंह व ननकाना साहिब पाकिस्तान से आये भाई नानकराम जी ने अपनी मधुर वाणी से संगत को निहाल किया। इस दौरान गुरुद्वारा परिसर मे गुरु का विशाल लंगर भी आयोजित किया गया।
शाम के समय गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, नहटौर से प्रारम्भ हुआ 24वा भव्य नगर कीर्तन अपने निर्धारित मार्ग मोहल्ला कायस्थान, चौधरियान, मुख्य बाजार, एजेंसी चौराहा, पीर की चुंगी, मोहल्ला अफगानान, मोहल्ला होलियान से होता हुआ वापस गुरुद्वारा परिसर मे जाकर समाप्त हुआ। नगर कीर्तन मे शामिल रहे अखाड़ों में सिख नौजवान तलवार बाजी व अनेक हैरत अंगेज करतब दिखाते चल रहे थे। नौजवानो द्वारा की जा रही तलवार बाजी व अन्य करतबो को देख सभी ने दांतो तले ऊँगली दबा ली। इस दौरान स्कूली बच्चे भी पारम्परिक परिधान मे नृत्य करते चल रहे थे। भव्य नगर कीर्तन में शामिल रहे पंच प्यारो की छटा भी देखते ही बनती थी। नगर कीर्तन मे शामिल रही भव्य झांकियो ने जहाँ सभी का मन मोह लिया वही बैंड पर बज रही धार्मिक धुनों व सतनाम वाहे गुरु के उद्धघोष ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस दौरान बाहर से आयी महिलाओ की संगत भी गुरुवाणी का पाठ करती चल रही थी। नगर कीर्तन के सबसे आगे 800 मीटर की पगड़ी धारण किये भाई बलवंत सिंह कार मे सवार थे और अंत मे एक वाहन मे गुरु ग्रंथ साहिब जी आसीन थे। इससे पूर्व कई बालिकाये व महिलाये हाथो मे झाड़ू लेकर गुरु ग्रंथ साहिब जी का मार्ग साफ करती चल रही थी।
गुरुद्वारा परिसर मे संचालित लंगर, कीर्तन व आज निकाले गए नगर कीर्तन के संचालन मे श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष नीशू सिंह राठौर, प्रधान शक्ति सिंह राठौर, कोषाध्यक्ष रंजीत सिंह, गुरमीत सिंह छोटू व संजू सिंह का विशेष सहयोग रहा। नगर कीर्तन के दौरान नगर व आसपास के क्षेत्रो से आये सिख धर्म के हजारो अनुयायी शामिल रहे। नगर कीर्तन में शामिल पंच प्यारो की सज्जा का कार्य सरदार परविंदर सिंह जी द्वारा किया गया। नगर कीर्तन के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से प्रभारी निरीक्षक धीरज सिंह के नेतृत्व मे पर्याप्त संख्या मे पुलिस बल मौजूद रहा।
![]() |
अभी तक पाठक संख्या |