कोरोना का कहर पूरे विश्व मे जारी है और भारत भी इससे अछूता नही रहा है। भारत मे भी रोज हजारो की संख्या मे कोरोना संक्रमितो की संख्या मे इजाफा हो रहा है। भारत सरकार ने इससे निजात पाने और संक्रमण का फैलाव रोकने के लिये पूरे देश मे लाॅकडाउन घोषित किया हुआ है। प्रशासनिक स्तर पर किये जा रहे तमाम प्रयासो के बाद भी कोरोना का कहर थमने का नाम नही ले रहा है।
कुछ दिनो पूर्व नहटौर थाना क्षेत्र के गाॅव मे भी 6 कोरोना संक्रमित मिले थे। ये सभी लोग बाहर से अपने गाॅव आये थे। प्रशासन ने सूचना मिलते ही इन्हे त्यागी इंटर काॅलेज मे बने केन्द्र पर क्वारांटीन करा दिया था। इसके बाद नहटौर थाने मे तैनात उपनिरीक्षक नन्हे सिंह भी कोरोना पाॅजिटिव पाये गये थे। उन्हे 19 अप्रैल को मुरादाबाद के टीएमयू मे भर्ती कराया गया था। उपनिरीक्षक के कोरोना संक्रमित पाये जाने के बाद थाना परिसर व उसके एक किलोमीटर तक के क्षेत्र को पूर्ण रूप से सील कर दिया गया था। आज शुक्रवार शाम उपनिरीक्षक नन्हे सिंह पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर वापस नहटौर लौट आये। उनके स्वस्थ होकर लौटने पर पुलिस कर्मियो व मीडीया कर्मियो मे खुशी की लहर दौड़ गयी। वापस लौटने पर हल्दौर चैराहे पर बनाये गये अस्थायी थाने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। उपनिरीक्षक नन्हे सिंह को अभी आगामी 14 दिनो के लिये उनके आवास मे ही कवारांटीन किया गया है।
इस मौके पर मौजूद पुलिस क्षेत्राधिकारी महावीर सिंह राजावत व प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह ने फूल माला पहनाकर उनका स्वागत किया। प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि कोरोना एक घातक बीमारी अवश्य है परन्तु यदि सावधानी बरती जाये तो इससे बचाव व इसका उपचार संभव है। उन्होने कहा कि आज हमारा एक सिपाही इस कोरोना पर विजय प्राप्त कर वापस आया है। इस मौके पर कस्बा इंचार्ज उपनिरीक्षक आशीष तोमर, उपनिरीक्षक रामेश्वर सिंह, उपनिरीक्षक शिव शंकर शर्मा आदि मौजूद रहे।
समाचार श्रोत - नहटौर/जिला बिजनौर से संवाददाता परवेज दानिश।